
एसडीपीओ के नेतृत्व में अपराध समीक्षा गोष्ठी, तस्करी व अपराध पर सख्ती के निर्देश
रक्सौल।(Vor desk)। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 को लेकर भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट हो गई है। बुधवार को अनुमंडल पुलिस कार्यालय में एसडीपीओ प्रीतेश कुमार के नेतृत्व में अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित हुई। इसमें अनुमंडल के सभी थानाध्यक्ष एवं पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया।
एसडीपीओ ने 15 अगस्त को सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और तस्करी के खिलाफ लगातार जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। शराब, मादक पदार्थ, प्रतिबंधित सामान एवं अन्य अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
उन्होंने सीमावर्ती ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने, प्रमुख चौक-चौराहों व संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच के निर्देश दिए। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोकने पर जोर दिया गया।
अपराध समीक्षा के दौरान लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन और फरार वारंटियों एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ नियमित छापेमारी जारी रखने को भी कहा गया।
एसडीपीओ ने पुलिस अधिकारियों को जनशिकायतों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई करने तथा संज्ञेय अपराध की सूचना मिलने पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश महतो, हरैया थानाध्यक्ष किसन पासवान, भेलाही थानाध्यक्ष गौरव कुमार, पलनवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार, हरपुर थानाध्यक्ष पूजा कुमारी और छौड़ादानो थानाध्यक्ष प्रभात कुमार सहित अनुमंडल के सभी थानाध्यक्ष एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
