
सम्मान के बाद किया 51वाँ रक्तदान, युवाओं से की नियमित रक्तदान करने की अपील
रक्सौल। (VoR Desk) स्थानीय डंकन अस्पताल में शनिवार को मस्कारा ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं समाजसेवी रवि मस्कारा को स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उनके 50 स्वैच्छिक रक्तदान पूरे होने पर अस्पताल प्रशासन ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

डंकन अस्पताल के प्रमुख डॉ. प्रभु जोसेफ ने रवि मस्कारा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की। इस अवसर पर ब्लड बैंक प्रभारी अनूप स्टीफन तथा डॉ. डेविड की टीम ने भी उन्हें बधाई देते हुए उनके सेवा कार्यों की प्रशंसा की।
सम्मान समारोह के तुरंत बाद रवि मस्कारा ने मानव सेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए 51वाँ स्वैच्छिक रक्तदान किया। उनका यह रक्तदान छौड़ादानो निवासी देवेंद्र यादव के पुत्र के उपचार के लिए किया गया।
इस अवसर पर रवि मस्कारा ने कहा कि मस्कारा ट्रस्ट के सैकड़ों सदस्य जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए लगातार सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जिससे किसी का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि एक स्वस्थ व्यक्ति हर तीन महीने में सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकता है और इससे स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने आसपास के ब्लड बैंक से जुड़कर नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करें। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी साबित होता है, बल्कि यह सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का भी श्रेष्ठ माध्यम है।
डंकन अस्पताल प्रशासन ने रवि मस्कारा के इस समर्पण को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसे रक्तवीरों की बदौलत अनेक जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध हो पाता है।
