
रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल पुलिस ने सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.82 ग्राम ब्राउन शुगर जैसे मादक पदार्थ के साथ दो नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल तथा ओप्पो कंपनी का एक स्मार्टफोन भी बरामद किया है। वहीं, इस मामले में शामिल दो महिलाएं पुलिस को चकमा देकर फरार हो गईं, जिनकी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गत संध्या गश्ती के दौरान व्हाट्सएप के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ था। वीडियो में एक पुरुष और दो महिलाएं अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री करते दिखाई दे रहे थे। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उसका सत्यापन कराया गया तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मनीष आनंद के नेतृत्व में रक्सौल थाना स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने सूचना संकलन के बाद रक्सौल के लक्ष्मीपुर क्षेत्र (शुक्ला कालोनी एरिया) में त्वरित छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे दो पुरुषों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो महिलाएं फरार होने में सफल रहीं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमन लामा उर्फ अमन वर्मा, पिता रवि वर्मा, निवासी रामपुर, वीरगंज (जिला पर्सा, नेपाल) तथा कन्हैया कुमार, पिता ध्रुव कुमार, निवासी गहवा, जिला पर्सा, नेपाल के रूप में हुई है। दोनों नेपाली नागरिक बताए गए हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 7.82 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ, एक चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल तथा ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया।
थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रमेश कुमार महतो ने बताया कि फरार महिलाओं की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई जाती थी और इसकी आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
इस संबंध में रक्सौल थाना कांड संख्या–355/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5), 318(4), 3(5) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(b), 21(b) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में एसडीपीओ मनीष आनंद, रक्सौल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रमेश कुमार महतो, एसआई विकास कुमार पासवान, एसआई अंशुली आर्या तथा रक्सौल थाना के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि रक्सौल एवं आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद सूखे नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
