Friday, July 17

3जुलाई से ड्यूटी से गायब डायल-112 का चालक शराब के नशे में मटियरवा बॉर्डर पर पकड़ा गया, केस दर्ज

रक्सौल। (VoR DesK)। आदापुर थाना में प्रतिनियुक्त डायल-112 वाहन का चालक, जो पिछले 3 जुलाई से बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहा था, 16 जुलाई को मटियरवा बॉर्डर के समीप शराब के नशे में हंगामा करते पकड़ा गया। चिकित्सीय जांच और एल्कोहल टेस्ट में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी चालक की पहचान रणविजय कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह आदापुर थाना में डायल-112 वाहन के चालक के रूप में प्रतिनियुक्त था, लेकिन 3 जुलाई 2026 से बिना किसी पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित था।

मटियरवा बॉर्डर पर चार लोगों के साथ कर रहा था हंगामा

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 16 जुलाई को सूचना मिली कि रणविजय कुमार सिंह मटियरवा बॉर्डर के पास चार अन्य लोगों के साथ शराब के नशे में हंगामा कर रहा है। घटना का स्थानीय लोगों ने वीडियो भी बनाया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।

सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और रणविजय कुमार सिंह को हिरासत में लेकर आदापुर थाना लाई। वहां उसका चिकित्सीय परीक्षण और एल्कोहल टेस्ट कराया गया।

मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि

पुलिस के अनुसार, चिकित्सीय जांच और एल्कोहल टेस्ट में चालक द्वारा शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद उसके विरुद्ध आदापुर थाना कांड संख्या-249/26 दर्ज करते हुए बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

एसपी स्वर्ण प्रभात बोले— कानून सबके लिए समान

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर कोई रियायत नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान है। चाहे आरोपी आम नागरिक हो या पुलिस व्यवस्था से जुड़ा कोई कर्मी, कानून तोड़ने पर उसके विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!