
रक्सौल। (VoR DesK)
पूर्वी चंपारण के रक्सौल स्थित एंड्रयूज़ कैंपस में संचालित राइजिंग स्टार आउटरीच ऑफ इंडिया के आवासीय विद्यालय का मंगलवार को जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कुष्ठ रोग से प्रभावित परिवारों के बच्चों के लिए संचालित शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों का अवलोकन किया और संस्था के कार्यों की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं, कंप्यूटर शिक्षा, खेलकूद तथा बच्चों के समग्र विकास के लिए उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि समाज के सबसे वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा और सम्मानजनक जीवन का अवसर उपलब्ध कराना अत्यंत प्रेरणादायक कार्य है।

राइजिंग स्टार आउटरीच ऑफ इंडिया एक सामाजिक संस्था है, जो भारत के तीन राज्यों में कुष्ठ रोग (लेप्रोसी) से प्रभावित परिवारों और उनके बच्चों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। बिहार में इसका प्रमुख केंद्र रक्सौल के एंड्रयूज़ कैंपस में संचालित है, जहाँ लगभग 400 बच्चे आवासीय व्यवस्था के साथ अध्ययनरत हैं। संस्था देशभर में करीब 1000 बच्चों को निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएँ, खेलकूद, कंप्यूटर शिक्षा तथा व्यक्तित्व विकास की सुविधाएँ उपलब्ध करा रही है।

संस्था पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, पटना सहित उत्तर बिहार की विभिन्न कुष्ठ रोग कॉलोनियों से बच्चों का चयन कर उन्हें कक्षा 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराती है। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता, शौचालय निर्माण, आजीविका सहायता और सामुदायिक विकास जैसे कार्यक्रम भी संचालित किए जाते हैं, ताकि प्रभावित परिवार आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन जी सकें।
निरीक्षण के बाद राइजिंग स्टार आउटरीच ऑफ इंडिया परिवार ने जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव के प्रेरणादायी दौरे के लिए आभार व्यक्त किया। संस्था ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन का सहयोग और मार्गदर्शन आगे भी मिलता रहेगा, जिससे कुष्ठ रोग से प्रभावित परिवारों और उनके बच्चों के जीवन में शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान के नए अवसर सृजित होते रहेंगे।
संस्था का संदेश है— “शिक्षा, सेवा और सम्मान के माध्यम से हर बच्चे के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण ही राइजिंग स्टार आउटरीच ऑफ इंडिया का संकल्प है।”
