Tuesday, July 14

नेपाल सीमा से सटे तिलावे नदी क्षेत्र का डीएम ने किया निरीक्षण, तटबंधों पर चौकसी बढ़ाने के निर्देश

रक्सौल।(Vor desk)। लगातार तीन-चार दिनों से हो रही बारिश के बीच पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने मंगलवार को रक्सौल अनुमंडल प्रशासन के अधिकारियों के साथ नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों एवं त्रिवेणी नहर प्रमंडल का निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नेपाल क्षेत्र से आने वाली तिलावे नदी के बढ़े जलस्तर का आकलन किया। इसके साथ ही त्रिवेणी नहर शाखा के बाएं तटबंध पर कटाव संभावित स्थलों का निरीक्षण कर स्थिति की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तटबंधों पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने बाढ़ प्रमंडल के अभियंताओं को चौबीसों घंटे सतर्क रहने, रात्रि गश्ती (नाइट पेट्रोलिंग) की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जहां भी कटाव या क्षति की आशंका हो, वहां तत्काल मरम्मत कार्य कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर बनाए रखें।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी रक्सौल, अंचलाधिकारी, त्रिवेणी नहर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, तिरहुत नहर अंचल के अधीक्षण अभियंता तथा संबंधित कनीय अभियंता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!