
रामगढ़वा।(Vor desk)
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामगढ़वा पुलिस ने 97 ग्राम स्मैक जैसे मादक पदार्थ के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सानु कुमार, पिता मनु प्रसाद, निवासी कोठी रोड रामगढ़वा तथा अजय महतो, पिता भरत महतो, निवासी रामगढ़वा गांव के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
थानाध्यक्ष राजीब कुमार साह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के कोठी रोड में विकास के घर के सामने पोखरा के किनारे स्थित चापाकल के पास छापेमारी की। इस दौरान वहां खड़े दो युवकों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 97 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने बताया कि स्मैक कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। सीमावर्ती क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।
