
एक सीएनजी टेम्पो, दो बाइक, चार मोबाइल व भारतीय-नेपाली मुद्रा बरामद; एसडीपीओ मनीष आनंद ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी
रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6.88 ग्राम स्मैक के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक सीएनजी टेम्पो, दो बाइक, चार स्मार्ट मोबाइल फोन, 10,090 रुपये भारतीय मुद्रा तथा 2,720 रुपये नेपाली मुद्रा भी बरामद की है। इस कार्रवाई की पुष्टि एसडीपीओ मनीष आनंद ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में की।
गिरफ्तार आरोपितों में पश्चिम चंपारण जिले के सिकटा थाना क्षेत्र के धर्मपुर निवासी 24 वर्षीय संतोष कुमार (पिता बच्चू बैठा), रक्सौल थाना क्षेत्र के कोइरिया टोला वार्ड-24 निवासी 26 वर्षीय विवेक कुमार (पिता स्व. विनोद प्रसाद कुशवाहा), भगवानपुर क्षेत्र के कोइरिहार निवासी 35 वर्षीय श्यामबाबु (पिता भगवान साह) तथा इसी गांव के 33 वर्षीय नवी आसम आलम (पिता इरजहार मियां) शामिल हैं।
एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई कर चारों आरोपितों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 6.88 ग्राम स्मैक बरामद हुई। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक सीएनजी टेम्पो और दो बाइक को जब्त कर लिया गया। पुलिस ने चार स्मार्ट मोबाइल फोन तथा भारतीय और नेपाली मुद्रा भी बरामद की है।
उन्होंने बताया कि चारों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और तस्करी के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।
