
47वीं वाहिनी एसएसबी के स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में जवानों ने दिखाई सामाजिक जिम्मेदारी, आईजी मीनू चौधरी ने बढ़ाया हौसला।
रक्सौल। (VOR Desk)
जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 47वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), रक्सौल द्वारा मंगलवार को भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस मानवीय अभियान में अधिकारियों सहित 150 बलकर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिससे कुल 150 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
यह शिविर जी.एम.सी.एच., बेतिया एवं रक्त केंद्र, सदर अस्पताल, मोतिहारी के तकनीकी सहयोग से वाहिनी मुख्यालय परिसर में आयोजित किया गया।
शिविर के दौरान बल मुख्यालय, एसएसबी, नई दिल्ली से रक्सौल दौरे पर पहुंचीं महानिरीक्षक (आईपीएस) मीनू चौधरी ने रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें फल एवं जूस भेंट किए और समाजहित में उनके योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर क्षेत्रक मुख्यालय, एसएसबी, बेतिया के उपमहानिरीक्षक हरी प्रकाश, 47वीं वाहिनी के कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. निशिकांत, द्वितीय कमान अधिकारी संजय रावत, सदर अस्पताल, मोतिहारी के डॉ. नीरज कुमार तथा जी.एम.सी.एच., बेतिया के डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सीमा की सुरक्षा के साथ-साथ समाज सेवा में भी एसएसबी के जवान लगातार अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं और रक्तदान जैसे अभियान मानवता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण हैं।
