Tuesday, July 7

भारत-नेपाल सीमा पर पकड़ी गई यूक्रेन की महिला इंजीनियर, बिना पासपोर्ट-वीजा नेपाल में घुसने की कोशिश नाकाम

रक्सौल के हरपुर बॉर्डर पर एसएसबी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दिल्ली से तीन दिन पहले पहुंची थी विदेशी महिला

रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल की संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बार फिर एक यूक्रेनी नागरिक की गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और सीमा पार अवैध आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ा दी है। रक्सौल अनुमंडल के हरपुर थाना क्षेत्र में एसएसबी और हरपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक यूक्रेनी युवती ओक्जाना शेवत्सोवा (37वर्ष)को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह बिना किसी वैध यात्रा दस्तावेज के चोरी-छिपे नेपाल में प्रवेश करने का प्रयास कर रही थी।उसके पास से 7,330 रुपया भी बरामद हुआ है।वह अपने को इंजीनियर बता रही है।
जानकारी के अनुसार, सैनिक रोड के समीप भारत-नेपाल सीमा पर संयुक्त गश्ती के दौरान सुरक्षा बलों ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर युवती को रोका। जांच में उसके पास से वीजा और अन्य कोई अन्य वैध आव्रजन संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। इसके बाद उसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया।हालाकि,उसके पास से मिले पासपोर्ट की अवधि जुलाई 28तक है ।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यूक्रेनी युवती करीब तीन दिन पहले दिल्ली से रक्सौल पहुंची थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह दिल्ली में कब से रह रही थी, किस स्थान पर रह रही थी, भारत में कैसे आई और उसकी गतिविधियां क्या थीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह नेपाल क्यों जाना चाहती थी और क्या उसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क या अन्य उद्देश्य था।

हरपुर थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी ने बताया कि युवती से गहन पूछताछ की जा रही है। उसके भारत आने, यहां रहने और नेपाल जाने की पूरी कड़ी खंगाली जा रही है। फिलहाल मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि भारत-नेपाल की खुली सीमा का दुरुपयोग रोकना बड़ी चुनौती बना हुआ है। हाल के महीनों में विदेशी नागरिकों, विशेषकर यूक्रेनी नागरिकों के अवैध रूप से सीमा पार करने या प्रयास करते हुए पकड़े जाने की घटनाएं लगातार सामने आई हैं। ऐसे मामलों को देखते हुए एसएसबी, स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पर निगरानी और जांच को और अधिक सख्त कर दिया है।

जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि यह मामला केवल अवैध सीमा पार करने का है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। फिलहाल यूक्रेनी युवती से पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!