
रक्सौल पुलिस की कार्रवाई में चार नेपाली नागरिक भी दबोचे गए; चोरी की बाइक, नकदी और मास्टर चाबी बरामद
रक्सौल, 2 जुलाई।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय एक अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का रक्सौल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के कथित मास्टरमाइंड सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चार नेपाली नागरिक शामिल हैं, जो कथित तौर पर चोरी की मोटरसाइकिलों को नेपाल के विभिन्न बाजारों में खपाने का काम करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोटरसाइकिलें, पांच स्मार्टफोन, भारतीय और नेपाली मुद्रा के अलावा मोटरसाइकिल चोरी में इस्तेमाल की जाने वाली एक मास्टर चाबी बरामद की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से सीमा पार संचालित वाहन चोरी के एक संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
बैंक के बाहर संदिग्ध गतिविधि से खुला मामला
पुलिस के अनुसार, 30 जून को सूचना मिली थी कि रक्सौल स्थित यूनियन बैंक के निकट एक युवक मोटरसाइकिल चोरी की नीयत से रेकी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान उसकी पहचान पूर्वी चंपारण जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेला मुरला निवासी विकास कुमार( 22), पिता जवाहरलाल साह, के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से मोटरसाइकिल चोरी में प्रयुक्त एक मास्टर चाबी और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया। बाद में की गई कार्रवाई में पुलिस ने चार मोटरसाइकिलें, पांच स्मार्टफोन, 14,050 रुपये भारतीय मुद्रा और 6,310 नेपाली रुपये भी बरामद किए।

पूछताछ में सामने आया नेपाल नेटवर्क
पुलिस की पूछताछ में विकास कुमार ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वह रक्सौल और आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें कुड़वा चैनपुर और नेपाल के विभिन्न इलाकों में बेचता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर नेपाल के रौतहट जिले के चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में मुन्ना आलम (33), पिता नेक मोहम्मद; अरविंद सिंह (21), पिता बच्चेलाल सिंह; रूपेश कुमार गुप्ता (25), पिता जद्दूलाल साह; तथा दिलीप कुमार गिरी (19), पिता रामसिंहासन गिरी, सभी निवासी जिला रौतहट, नेपाल, शामिल हैं।
मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी विकास कुमार के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें रक्सौल थाना में मोटरसाइकिल चोरी का मामला (कांड संख्या 494/2023), रामगढ़वा थाना में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज मामला (कांड संख्या 158/2021) तथा मोटरसाइकिल चोरी से संबंधित एक अन्य मामला (कांड संख्या 248/2024) शामिल है।
नए कानून के तहत दर्ज हुआ मामला
इस मामले में रक्सौल थाना में कांड संख्या 299/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 317(4), 338, 336(3), 340(2), 111 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
इस अभियान का नेतृत्व रक्सौल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने किया। कार्रवाई में रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो, अंचल पुलिस निरीक्षक निर्णय कुमार राय, अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कृष्ण मुरारी, जीतेन्द्र कुमार, विकास कुमार पासवान, अमन कुमार, तथा पुलिसकर्मी विकास कुमार, गौतम कुमार और धीरज कुमार शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में भी जांच जारी है। सीमा पार संचालित अपराध नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।
