Thursday, July 2

भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस-एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, 44.11 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

रक्सौल/नकरदेई।(Vor desk) भारत-नेपाल सीमा पर नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नकरदेई थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में बिर्ता छठ घाट के समीप छापेमारी कर एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 44.11 ग्राम स्मैक बरामद की गई है।

नकरदेई थानाध्यक्ष भरत कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमावर्ती क्षेत्र में स्मैक की एक बड़ी खेप की आपूर्ति की जाने वाली है। सूचना के आधार पर नकरदेई थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम का गठन कर इलाके में सघन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 44.11 ग्राम स्मैक, सफेद रंग की 15 खाली पुड़िया तथा एक लाइटर बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रक्सौल नगर परिषद के वार्ड संख्या-8 स्थित इस्लामपुर निवासी इस्लाम कुरैशी के पुत्र गुरफान कुरैशी के रूप में की गई है।

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष भरत कुमार ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस और एसएसबी का कहना है कि सीमा क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!