Saturday, June 27

बीरगंज में 5 जुलाई को लगेगा ‘रोजगार मेला-2026’, युवाओं और नियोक्ताओं को एक मंच पर लाने की पहल

वीरगंज।(Vor desk)। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और नियोक्ताओं एवं नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के बीच कौशल संबंधी अंतर को कम करने के उद्देश्य से बीरगंज में आगामी 5 जुलाई 2026 को ‘रोजगार मेला-2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ, मधेश प्रदेश इकाई तथा बीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।

आयोजकों द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि यह रोजगार मेला पारंपरिक रोजगार मेलों से अलग और अधिक व्यावहारिक स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। इसका आयोजन मधेश प्रदेश में किए गए स्किल नीड असेसमेंट (Skill Need Assessment) और श्रम बाजार विश्लेषण के आधार पर किया जा रहा है, ताकि रोजगार बाजार की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।

प्रेस वार्ता में संघ के अध्यक्ष हरि गौतम ने कहा कि वर्तमान समय में बेरोजगारी देश की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। ऐसे में यह रोजगार मेला युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने और उद्योगों की जरूरतों के अनुसार कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के संयोजक एवं संघ के सहसचिव अनुप अग्रवाल ने बताया कि मेले के माध्यम से नियोक्ता संस्थानों, नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं, प्रशिक्षण प्रदाता संस्थानों तथा रोजगार सेवा केंद्रों को एक ही मंच पर लाया जाएगा, जिससे रोजगार के अवसरों का विस्तार हो सके।

वरीय उपाध्यक्ष माधव राजपाल ने बताया कि मेले में प्रतिभागियों को रिक्त पदों की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया, उम्मीदवारों का चयन एवं मूल्यांकन, करियर परामर्श, रोजगार मिलान सेवा तथा आवश्यकता के अनुसार कौशल प्रशिक्षण के लिए सिफारिश जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

यह रोजगार मेला अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) नेपाल के रोजगार सेवा केंद्र के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसके अलावा वीरगंज महानगरपालिका, Leadership Development Institute तथा HR Society Nepal-मधेश चैप्टर भी इस आयोजन में सहयोगी की भूमिका निभा रहे हैं।

आयोजकों के अनुसार, मेले में भाग लेने वाले नियोक्ता संस्थानों, उपलब्ध रोजगार अवसरों और पंजीकरण प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!