Sunday, June 21

छौड़ादानो की बेटी अंजलि प्रिया ने बीपीएससी में हासिल की सफलता, बीडीओ पद पर हुआ चयन


रक्सौल/छौड़ादानो।(Vor desk)।
पूर्वी चंपारण जिले के छौड़ादानो प्रखंड अंतर्गत धपहर गांव की बेटी कुमारी अंजली प्रिया ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पद पर चयनित होकर अपने परिवार, गांव और पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
कुमारी अंजली प्रिया, बलिरामा मध्य विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक एवं समाज के सम्मानित शिक्षाविद विनोदानंद प्रसाद यादव की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। अंजली की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को नई प्रेरणा मिली है।
इस बीच बिहार सरकार के पूर्व मंत्री शमीम अहमद रविवार को धपहर गांव पहुंचकर अंजली प्रिया एवं उनके परिजनों से शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अंजली ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो पूरे पूर्वी चंपारण के लिए गर्व की बात है।
पूर्व मंत्री ने विश्वास जताया कि अंजली प्रिया अपने प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी तथा नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी। उन्होंने कहा कि अंजली की सफलता यह साबित करती है कि निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है।
अंजली प्रिया के बीडीओ पद पर चयन से धपहर गांव सहित पूरे छौड़ादानो क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने इसे जिले की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!