Sunday, June 21

दो सगे भाई, एक सपना और दोहरी सफलता: रामगढ़वा के विवेक बने असिस्टेंट टैक्स कमिश्नर, दिलजीत बने बीडीओ

रक्सौल।(पूर्वी चंपारण)(Vor desk)।

पूर्वी चंपारण जिले के रामगढ़वा प्रखंड अंतर्गत अहिरौलिया गांव के एक साधारण शिक्षक परिवार में उस समय खुशी की लहर दौड़ गई, जब बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के परिणाम में एक ही परिवार के दो सगे भाइयों ने शानदार सफलता हासिल की। शिक्षक गोपाल मिश्र के पुत्र विवेक कुमार मिश्र और दिलजीत कुमार मिश्र का चयन प्रशासनिक सेवा के महत्वपूर्ण पदों पर हुआ है।

बड़े भाई विवेक कुमार मिश्र को राज्य कर विभाग में असिस्टेंट टैक्स कमिश्नर का पद मिला है, जबकि छोटे भाई दिलजीत कुमार मिश्र का चयन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के रूप में हुआ है। दोनों भाइयों की इस उपलब्धि ने न सिर्फ रामगढ़वा, बल्कि पूरे पूर्वी चंपारण जिले का गौरव बढ़ाया है।

दोनों भाइयों की प्रारंभिक शिक्षा अपने गांव के प्राथमिक विद्यालय में हुई। इसके बाद उन्होंने गणेश पांडेय महावीर लाल उच्च विद्यालय से मैट्रिक तथा हरिशंकर वर्मा कोऑपरेटिव कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। बचपन से ही दोनों पढ़ाई में मेधावी और अनुशासित रहे।

विवेक कुमार मिश्र वर्तमान में बरौनी जंक्शन में रेलवे के जूनियर इंजीनियर पद पर कार्यरत हैं। नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने निरंतर अध्ययन जारी रखा और कठिन परिश्रम के बल पर यह सफलता प्राप्त की। वहीं, दिलजीत कुमार मिश्र ने पटना में रहकर पूरी एकाग्रता और समर्पण के साथ तैयारी की, जिसका परिणाम उन्हें बीडीओ के रूप में मिला।

इस दोहरी सफलता पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। सुगौली विधायक बबलू गुप्ता, प्रमुख प्रतिनिधि विशाल कुमार, उप प्रमुख रविंद्र पांडेय, आचार्य पंडित सत्यदेव मिश्रा, , कृष्णा प्रसाद तथा मुखिया हरि नारायण दास समेत कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने दोनों भाइयों को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया।

परिवारजनों ने इस सफलता का श्रेय माता-पिता के संस्कार, अनुशासित जीवन और दोनों बेटों की कड़ी मेहनत को दिया है। गांव और आसपास के क्षेत्रों में लोग इसे शिक्षा, संघर्ष और संकल्प की मिसाल के रूप में देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!