
‘
रक्सौल में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में उद्योग एवं खेल मंत्री ने गिनाईं 12 वर्षों की उपलब्धियां, कहा- “12 साल बेमिसाल” विकास की वास्तविक तस्वीर
रक्सौल (VoR desk)। बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने गुरुवार को रक्सौल के पंकज वाटिका में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि “12 साल बेमिसाल” केवल एक राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि देश में हुए व्यापक परिवर्तन, सुशासन और विकास की सच्ची तस्वीर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं और अब लक्ष्य वर्ष 2047 तक देश को पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने का है।
सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नई सोच, नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति और आत्मनिर्भर भारत जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।
2014 से पहले की स्थिति और आज का बदला भारत
पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश भ्रष्टाचार और घोटालों से प्रभावित था तथा सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाता था। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा मिला, जिससे विकास की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है।

रक्सौल के विकास को बताया नई सोच का परिणाम
अपने संबोधन में मंत्री ने सीमावर्ती शहर रक्सौल के विकास कार्यों का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि पहले पटना से रक्सौल की यात्रा में छह से सात घंटे का समय लगता था, लेकिन फोरलेन सड़क के निर्माण के बाद अब यह दूरी तीन से चार घंटे में तय की जा रही है। उन्होंने कहा कि रक्सौल में देश के आठवें सबसे बड़े एयरपोर्ट का निर्माण इस क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिससे सीमावर्ती इलाके में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
मंत्री ने लोगों से ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को अपनाने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देशवासी स्थानीय उत्पादों और उद्यमों को प्राथमिकता देंगे।
सांसद और विधायक ने भी गिनाईं उपलब्धियां
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने भी केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और बिहार दोनों तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हैं और यह परिवर्तन आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत आधार तैयार करेगा।
सम्मानित हुए मंत्री, सांसद और विधायक
कार्यक्रम के दौरान उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, सांसद डॉ. संजय जायसवाल और विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा को शॉल एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।इस दौरान चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष राकेश कुशवाहा सहित एनजीएफ स्कूल के डायरेक्टर मोहम्मद अबरार सहित अन्य ने भेंट दे कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा के रक्सौल जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पांडे ने किया।
