Sunday, June 14

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले पर्सा में योग कार्यक्रम, 350 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

वीरगंज(vor desk)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के आयोजन से पहले भारत के महावाणिज्य दूतावास, वीरगंज (नेपाल) और पर्सा जिले की सखुवा प्रसौनी ग्रामीण नगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को श्रीपुर बाजार, सखुवा प्रसौनी-2 में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) रखा गया था।

यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित किए जा रहे विभिन्न आयोजनों की श्रृंखला का पहला कार्यक्रम था। इसमें 350 से अधिक योग प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग के माध्यम से स्वास्थ्य, सामंजस्य और समग्र कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में मधेश प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री शंकर प्रसाद चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन और मानसिक संतुलन का प्रभावी माध्यम है।

वहीं,भारतीय महावाणिज्य दूत श्री देवी सहाय मीणा ने लोगों से दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह स्वस्थ और सक्रिय वृद्धावस्था के लिए अत्यंत उपयोगी है।

सखुवा प्रसौनी ग्रामीण नगरपालिका के अध्यक्ष जसवंत यादव तथा जगरनाथपुर ग्रामीण नगरपालिका के अध्यक्ष श्रीकांत यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाने में ऐसे आयोजनों की महत्ता पर बल दिया।

कार्यक्रम में पर्सा जिले के सशस्त्र प्रहरी बल के एसपी, राष्ट्रीय अनुसंधान विभाग (नेशनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट) पर्सा के एसपी सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न सरकारी निकायों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

आयोजकों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर आगामी दिनों में भी विभिन्न स्थानों पर योग से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!