
मोतिहारी (vor desk)।पूर्वी चंपारण जिले में आगामी चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो गई हैं। शुक्रवार, 5 जून 2026 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका/पंचायत) सह जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने जिला स्कूल, मोतिहारी स्थित ईवीएम वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चुनाव तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उप-चुनाव के लिए पुख्ता तैयारी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, मधुबन नगर पंचायत और पंचायत आम निर्वाचन 2026 ‘मल्टी पोस्ट ईवीएम’ के माध्यम से संपन्न कराए जाएंगे, जिसके लिए वेयरहाउस को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार पूरी तरह तैयार कर लिया गया है।
साथ ही, M2 मॉडल ईवीएम के जरिए नगर परिषद रक्सौल और नगर पंचायत मेहसी में होने वाले उप-चुनाव को लेकर भी रूपरेखा तय कर ली गई है। इन चुनावों के लिए फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) का कार्य आगामी 8 जून 2026 से 10 जून 2026 तक निर्धारित किया गया है।
क्यों हो रहा है रक्सौल में उप-चुनाव?
रक्सौल नगर परिषद में उप-चुनाव की नौबत तब आई जब तत्कालीन सभापति धुरपति देवी को भ्रष्टाचार और अनियमितता के गंभीर आरोपों के चलते अगस्त 2025 में नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा पदमुक्त घोषित कर दिया गया था। इसके बाद हाल ही में चुनाव आयोग द्वारा मामले की सुनवाई के बाद उन्हें अयोग्य (Disqualified) करार दिया गया, जिसके बाद रक्सौल में रिक्त पद पर चुनाव का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

प्रशासनिक मुस्तैदी
जिला प्रशासन ने चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए पूरी कमर कस ली है। रक्सौल उप-चुनाव के लिए मतदाता सूची का कार्य पहले ही पूर्ण किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ उप-निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह जिला पंचायत राज पदाधिकारी राम जनम पासवान, एडीएम विभागीय जांच मो. सिबगतुल्लाह सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी द्वारा की गई इस समीक्षा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि रक्सौल और जिले के अन्य हिस्सों में होने वाले आगामी चुनावों को लेकर जिला प्रशासन किसी भी तरह की कोताही बरतने के मूड में नहीं है।
