Tuesday, June 2

गम्हरिया के होटल में नेपाली युवक की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव; कई बिंदुओं पर जांच शुरू

रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल के गम्हरिया चौक स्थित पूजा स्वीट्स होटल में कार्यरत नेपाल निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक का शव होटल के ऊपरी कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है तथा मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान नेपाल के पर्सा जिला अंतर्गत उदयपुर घूर्मी गांव निवासी सुरेश शाह के पुत्र राजन शाह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि राजन पिछले लगभग एक वर्ष से पूजा स्वीट्स होटल में काम कर रहा था और होटल परिसर में ही रहता था।

होटल संचालक के अनुसार मंगलवार सुबह राजन ने सामान्य दिनों की तरह दुकान में मिठाइयां सजाने का काम किया। इसके बाद उसने सिर दर्द होने की बात कही और आराम करने के लिए अपने कमरे में चला गया। करीब एक घंटे बाद जब दूध की गाड़ी पहुंची और उसे बुलाने के लिए कर्मचारी कमरे में गया, तो राजन फंदे से लटका मिला। कर्मचारियों ने उसे तत्काल नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

अपर थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी सूचित किया गया है।

जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि राजन पिछले कुछ समय से मोबाइल पर एक युवती से लगातार बातचीत करता था। वहीं, उसने कुछ लोगों का कर्ज चुकाने के लिए हाल में तीन हजार रुपये भी लिए थे। बताया जाता है कि तीन दिन पहले वह किसी परिचित का सामान पहुंचाने के लिए बेतिया गया था। इन सभी तथ्यों को भी पुलिस जांच के दायरे में शामिल कर रही है।

घटना की खबर फैलते ही होटल और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, सूचना मिलने के बाद नेपाल स्थित मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!