Wednesday, May 13

जनता दरबार में गूंजीं आमजन की समस्याएं, सात मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन कर अधिकारियों ने दिलाया त्वरित न्याय

आदापुर।(Vor desk)। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक पारदर्शिता को लेकर शनिवार को आदापुर अंचल कार्यालय स्थित सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में विभिन्न पंचायतों और क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने जमीन विवाद, आपसी विवाद एवं अन्य प्रशासनिक समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए कुल सात मामलों का निष्पादन मौके पर ही किया।

जनता दरबार में उपस्थित अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कई मामलों में दोनों पक्षों की सहमति से समाधान कराया गया, जिससे लोगों ने राहत महसूस की।

इस दौरान आदापुर अंचल अधिकारी अनामिका सिंह, हरपुर थाना प्रभारी प्रियंका सिंह, आदापुर थाना प्रभारी पूजा कुमारी एवं आदापुर प्रखंड उप प्रमुख मोहम्मद असलम मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को स्थानीय स्तर पर त्वरित न्याय और प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े।

जनता दरबार में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह नियमित रूप से समस्याओं का समाधान किया जाता रहेगा।(रिपोर्ट: एस प्रतिक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!