
आदापुर।(Vor desk)। पूर्वी चंपारण के आदापुर में डायल 112 पुलिस टीम ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए एक परेशान परिवार की मदद कर लोगों का दिल जीत लिया। देर रात आदापुर बाजार में रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ असहाय स्थिति में मिला।
पूछताछ में उस व्यक्ति ने बताया कि वह हैदराबाद से अपने घर लौट रहा है। उसके साथ दो महिलाएं और दो छोटे बच्चे भी थे। रात काफी हो चुकी थी और परिवार को घर जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में डायल 112 पुलिस टीम ने तत्परता और मानवीय संवेदना दिखाते हुए पूरे परिवार को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया।
पुलिस के इस सराहनीय कदम की स्थानीय लोग जमकर प्रशंसा कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि डायल 112 की टीम ने यह साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर मानवता का सबसे बड़ा सहारा भी बनती है।
इस घटना ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग का रिश्ता लगातार मजबूत हो रहा है।(रिपोर्ट: एस. प्रतिक)
