
रक्सौल/वीरगंज।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पर्सा जिले में सशस्त्र पुलिस बल नेपाल को बड़ी सफलता मिली है। वीरगंज महानगरपालिका–16 स्थित भंसार मेनगेट क्षेत्र में नियमित जांच के दौरान एक ऑटो से यात्रा कर रहे युवक और युवती को नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया।
सशस्त्र पुलिस बल के अनुसार, सीमा सुरक्षा गुल्म हेडक्वार्टर वीरगंज की टीम ड्रग्स डिटेक्शन प्रशिक्षण प्राप्त खोजी कुत्ते के साथ जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान भारत से नेपाल प्रवेश कर रहे एक ऑटो में सवार दो लोग संदिग्ध पाए गए। तलाशी लेने पर उनके पास से करीब 5 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ और 0.34 मिलीग्राम सफेद हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद हुआ।
पकड़े गए दोनों की पहचान मकवानपुर जिले के हेटौंडा उपमहानगरपालिका–11 सिमलटार निवासी 20 वर्षीय सागर घिमिरे तथा 23 वर्षीय पूजा जिम्बा के रूप में हुई है। बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपितों को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए वडा प्रहरी कार्यालय विर्ता को सौंप दिया गया है।
सशस्त्र पुलिस बल नेपाल नं. 13 गण हेडक्वार्टर पर्सा ने बताया कि सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए नियमित जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
