
रक्सौल।(Vor desk)। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य का अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने बुधवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रक्सौल प्रखंड के पंटोका पंचायत स्थित हाजमा टोला पहुंचकर प्रगणकों द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने प्रगणकों से सूचीकरण की प्रक्रिया, आंकड़ों के संकलन तथा घर-घर सर्वेक्षण की विधि की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कार्य में शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
एसडीओ मनीष कुमार ने कहा कि जनगणना के अंतर्गत मकान सूचीकरण का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इसी आधार पर आगे की जनगणना प्रक्रिया संचालित की जाती है। उन्होंने कहा कि प्रगणक पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिया कि सूचीकरण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा हो सके।
