
रक्सौल।(Vor desk)। प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) रक्सौल के सभागार में मंगलवार को मध्याह्न भोजन योजना के निवर्तमान बीआरपी योगेश कुमार के सम्मान में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित शिक्षकों, प्रधान शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग से जुड़े लोगों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष छोटेलाल राय ने कहा कि योगेश कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ मध्याह्न भोजन योजना के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि योगेश कुमार ने सिर्फ प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन ही नहीं किया, बल्कि विद्यालयों में व्यवस्था सुधार और बच्चों के हित में कई सकारात्मक पहल भी कीं।
प्रधान शिक्षक मुनेश राम ने कहा कि योगेश कुमार एक कर्मठ, मिलनसार और संवेदनशील पदाधिकारी रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू कराने में अहम भूमिका निभाई। उनके कार्यों को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
प्रधान शिक्षिका इंदु कुमारी ने भी उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके साथ काम करने के दौरान उन्हें कई नई चीजें सीखने का अवसर मिला। वहीं प्रधान शिक्षक संघ के अध्यक्ष आकाश दयाल और महासचिव मदन प्रसाद यादव ने कहा कि योगेश कुमार ने विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने में विशेष योगदान दिया। उन्होंने विद्यालय प्रधानों के साथ सकारात्मक तालमेल बनाकर बच्चों तक योजना का बेहतर लाभ पहुंचाने का कार्य किया, जिससे शिक्षा व्यवस्था में भी गुणात्मक सुधार देखने को मिला।
कार्यक्रम में निशांत कुमार, बृज किशोर प्रसाद, धनंजय कुमार, सोनू कुमार, मनीष कुमार, विद्याबाबू, जितेंद्र साह, शम्सुल हक, महेश कुमार उर्फ कृष्णा कुमार तथा विभूति भूषण चौबे समेत कई शिक्षक और शिक्षा कर्मी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी शिक्षकों और पदाधिकारियों ने योगेश कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
