
सुगौली/रामगढ़वा।(Vor desk)।
पूर्वी चंपारण जिले में सोमवार दोपहर आए तेज आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई। अलग-अलग घटनाओं में तीन बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं रामगढ़वा प्रखंड के सिसवनिया गांव में ठनका गिरने से आधा दर्जन घर जलकर राख हो गए। घटना के बाद गांवों में अफरातफरी और मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सुगौली प्रखंड के उत्तरी छपरा बहास पंचायत अंतर्गत कैथवलिया गांव में तेज बारिश और गर्जन के बीच बच्चे गांव के बगीचे में आम चुनने गए थे। इसी दौरान अचानक ठनका गिर गया। हादसे में जयलाल सहनी के 15 वर्षीय पुत्र शनिदेवल कुमार और मंजू सहनी की 8 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन आनन-फानन में दोनों को सुगौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं ऋतु सहनी के 10 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
उधर, रामगढ़वा प्रखंड के सिसवनिया गांव में ताड़ के पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरने से भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलकर आसपास के घरों तक पहुंच गई। इस हादसे में एक पांच वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गाय भी जलकर मर गई। आग में विश्वनाथ महतो, शिवबालक महतो, विंदेश्वर महतो, चंदन महतो और नरेश महतो समेत पांच परिवारों के घर जलकर खाक हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। तेज आंधी और ठनका की घटनाओं के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
