Wednesday, April 29

रक्सौल एसडीओ का बड़ा एक्शन: रामगढ़वा की दो गैस एजेंसियों में मिली भारी अनियमितता, कारण बताओ नोटिस जारी

रक्सौल।(Vor desk)। अनुमंडल प्रशासन रक्सौल में गैस की किल्लत को समाप्त करने और उपभोक्ताओं को पारदर्शी सेवा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह संकल्पित नजर आ रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और रामगढ़वा पुलिस के साथ मिलकर रामगढ़वा प्रखंड की दो गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के दौरान दोनों ही एजेंसियों के कार्यालय और गोदामों में मानकों की भारी अनदेखी और अनियमितताएं उजागर हुई हैं।

​निरीक्षण के क्रम में प्रो. लालपरी गैस एजेंसी की जांच के दौरान स्टॉक संधारण में गंभीर त्रुटियां पाई गईं। मौके पर माप-तौल मशीन खराब मिली और यह तथ्य भी सामने आया कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर वजन करके नहीं दिया जा रहा था। इसके अलावा गोदाम का रखरखाव भी सुरक्षा और सरकारी मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। वहीं, रामगढ़वा बाजार स्थित मां सावित्री गैस एजेंसी की जांच में सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ देखने को मिला, जहां फायर बकेट का संधारण सही नहीं था। इसके साथ ही गोदाम पर स्टॉक और मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं की गई थी, जो प्रशासनिक नियमों का सीधा उल्लंघन है।

​इन तमाम अनियमितताओं के आलोक में एसडीओ मनीष कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए दोनों गैस एजेंसियों से स्पष्टीकरण की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अविलंब इन सभी बिंदुओं पर सुधार किया जाए और भविष्य में उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित की जाए।

​गौरतलब है कि अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार पिछले कुछ समय से क्षेत्र में गैस की कालाबाजारी और किल्लत को रोकने के लिए लगातार औचक निरीक्षण कर रहे हैं। प्रशासन के इस कड़े तेवर से अवैध भंडारण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। एसडीओ ने साफ शब्दों में कहा है कि आम जनता के हितों से समझौता करने वाले संचालकों पर कार्रवाई जारी रहेगी ताकि रक्सौल अनुमंडल के किसी भी हिस्से में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!