
रक्सौल ।(Vor desk)। नगर परिषद सुल्तानगंज के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) ई. कृष्ण भूषण कुमार की कार्यालय में घुसकर की गई निर्मम हत्या के विरोध में बुधवार को रक्सौल नगर परिषद कार्यालय में शोक की लहर रही। शहर के वार्ड नंबर 1 स्थित प्रशासनिक भवन में शोक सभा आयोजित कर नप कर्मियों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। इस जघन्य हत्याकांड के विरोध में और कार्यस्थल पर सुरक्षा की मांग को लेकर कर्मियों ने सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार कर अपना विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान रक्सौल नगर परिषद के सभी कर्मियों के द्वारा शोक सभा का आयोजन कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार को संबल देने के लिए भगवान से प्रार्थना की गई।नगर परिषद रक्सौल के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि नगर परिषद सुल्तानगंज के कार्यपालक पदाधिकारी एव मुख्य पार्षद पर असामाजिक तत्वों द्वारा कार्यालय परिसर में किए गए हत्याकांड और जानलेवा हमले की हमलोग निंदा करते है।एक लोक सेवक और जनप्रतिनिधि पर डयूटी के दौरान किया गया यह हमला न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है, बल्कि पूरे प्रशासनिक ढांचे के मनोबल को तोड़ने की एक कोशिश है।इस हिंसक घटना के विरोध में और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी तथा भविष्य में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर नगर परिषद के कर्मचारियों के द्वारा प्रतीकात्मक विरोध स्वरूप बुधवार को सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया है।वहीं डॉ. कुमार ने बताया कि ई. कृष्ण भूषण काफी मिलनसार और अच्छे व्यक्तित्तव के धनी थे।लोगों से मिलकर रहना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करना उनकी प्राथमिकता रहती थी।नगर परिषद रक्सौल की संवेदना उनके परिवार के साथ है, ईश्वर इस दुख को सहने की क्षमता पीड़ित परिवार को प्रदान करें। इस दौरान कर्मियों ने मौन रखा और उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही, यह मांग की कि सरकार ई. कृष्ण भूषण कुमार के परिवार उचित मुआवजा दें और उनके परिवार के किसी सदस्य को राजपत्रित पदाधिकारी की नौकरी दी जाए. वहीं सभी निकाय के अधिकारियों और कर्मियों के साथ-साथ कार्यालय की सुरक्षा सुनिश्चित कि जाए. मौके पर नगर प्रबंधक अवीनाश कुमार, प्रभारी प्रधान सहायक चंदेश्वर बैठा, उच्च वर्गीय सहायक मृत्युजंय मृणाल, कनीय अभियंता राज कुमार राय, कर संग्राहक पंकज कुमार सिंह, हिमांशु कुमार, सुनील कुमार, आइटी सहायक अजीत कुमार, सोनू मंडल, धीरज कुमार, सुजीत कुमार, प्रशांत पाठक, सागर कुमार गुप्ता, दीपेश कुमार नायक, अरूण कुमार गिरी, जितेन्द्र कुमार सहित नगर परिषद रक्सौल के सभी कर्मचारी मौजूद थे।
