Thursday, April 23

वीरगंज के होटल से 30 हजार ट्रामाडोल टैबलेट बरामद, भारतीय युवक गिरफ्तार

​रक्सौल।(Vor desk)। पर्सा जिला पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत वीरगंज महानगरपालिका-8 स्थित लिंक रोड पर मौजूद ‘समर होटल’ में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवा ट्रामाडोल बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने होटल के कमरा नंबर 105 से 30,000 टैबलेट जब्त किए हैं। इस मामले में पुलिस ने पूर्वी चंपारण के भेलाही के रहने वाले  सागर कुमार पटेल(20) को हिरासत में लिया है।

​जिला पुलिस कार्यालय पर्सा से तैनात विशेष टीम ने तलाशी के दौरान होटल के कमरे में छिपाकर रखी गई इन दवाओं को बरामद किया। पुलिस के अनुसार, ट्रामाडोल मूल रूप से एक शक्तिशाली पेनकिलर (दर्द निवारक) दवा है, लेकिन इसका बड़े पैमाने पर दुरुपयोग नशीले पदार्थ के रूप में किया जाता है, जिसके कारण प्रशासन ने इसे नियंत्रित दवाओं की श्रेणी में रखा है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि गिरफ्तार पटेल लंबे समय से नशीली दवाओं की तस्करी में संलिप्त था और खुली सीमा का लाभ उठाकर इन दवाओं को भारत से नेपाल लाया था।

​पुलिस का मानना है कि बरामद की गई दवाओं की खेप को या तो नेपाल के स्थानीय बाजारों में बेचा जाना था या फिर नेपाल के रास्ते अन्य गंतव्यों तक पहुँचाने की योजना थी। पर्सा पुलिस ने जानकारी दी है कि घटना के संबंध में गहन अनुसंधान जारी है और सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी को रोकने के लिए निगरानी और चौकसी काफी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!