Thursday, April 23

रक्सौल में अवैध करेंसी एक्सचेंज का बड़ा भंडाफोड़: 45 लाख से अधिक की भारतीय व नेपाली नकदी बरामद, धंधेबाज गिरफ्तार

रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एक संयुक्त अभियान चलाकर अवैध मुद्रा विनिमय के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। रक्सौल थानाध्यक्ष सह आईपीएस अधिकारी हेमंत सिंह के नेतृत्व में की गई इस बड़ी छापेमारी में पुलिस ने लाखों रुपये की भारतीय और नेपाली मुद्रा जब्त की है। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्र के अवैध धंधेबाजों में हड़कंप मच गया है। रक्सौल के मेन रोड में लंबे समय से अवैध सटही काउंटर के जरिए नेपाली ,भारतीय रुपयों के अदला बदली का कारोबार सजता रहा है।भोले भाले लोगों से ठगी का काम भी खूब होता रहा है।

​इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने शहर के रेलवे क्रॉसिंग स्थित एक दुकान(सटही काउंटर) में दबिश दी, जहाँ बिना किसी वैध लाइसेंस के बड़े पैमाने पर भारतीय और नेपाली रुपयों के अदल-बदल का कारोबार किया जा रहा था। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 43 लाख 45 हजार 999 रुपये भारतीय मुद्रा और 2 लाख 38 हजार 700 रुपये नेपाली करेंसी बरामद की। भारी मात्रा में नकदी के साथ-साथ पुलिस ने नोट गिनने वाली एक मशीन भी जब्त की है, जो इस अवैध कारोबार के बड़े स्तर पर संचालित होने की पुष्टि करती है।

​इस मामले में पुलिस ने रक्सौल के तुमडिया टोला निवासी सोनू कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने सीमा क्षेत्र में सक्रिय मुद्रा विनिमय के इस काले खेल से जुड़े कई अहम सुराग दिए हैं। थानाध्यक्ष हेमंत सिंह ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहाँ लंबे समय से अवैध करेंसी एक्सचेंज की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद विशेष टीम गठित कर यह कार्रवाई सुनिश्चित की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस नेटवर्क में शामिल अन्य सफेदपोशों और धंधेबाजों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी होगी।

​पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इस तरह के अवैध वित्तीय लेन-देन से सुरक्षा व्यवस्था पर भी खतरा बना रहता है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार या अनधिकृत वित्तीय गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में इस तरह के अभियान और भी तेज किए जाएंगे।(रिपोर्ट:श्रेयांश कुमार बिट्टू)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!