Thursday, April 23

रक्सौल विद्युत प्रमंडल ने हासिल किया 16 करोड़ का ऐतिहासिक राजस्व लक्ष्य, समारोह में सम्मानित हुए विभाग के जांबाज

रक्सौल।(Vor desk)। उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के रक्सौल प्रमंडल ने मार्च महीने के कठिन वित्तीय लक्ष्य को पार करते हुए सफलता की एक नई इबारत लिखी है। प्रमंडल को दिए गए 16 करोड़ रुपये के राजस्व संग्रहण लक्ष्य को टीम भावना और कड़ी मेहनत से हासिल करने के उपलक्ष्य में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों से लेकर फील्ड कर्मियों तक को प्रशस्ति पत्र, मेडल और शील्ड देकर उनकी हौसलाअफजाई की गई।

​कार्यक्रम की अध्यक्षता रक्सौल प्रमंडल के विद्युत कार्यपालक अभियंता अजय कुमार ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मोतिहारी अंचल के अधीक्षण अभियंता राकेश रौशन मौजूद रहे। समारोह को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि मीटर रीडरों के जमीनी संघर्ष, मानवबल की कर्मठता, सुपरवाइजरों की सटीक निगरानी और कनीय अभियंताओं के कुशल टीम प्रबंधन का परिणाम है।

​राजस्व संग्रहण की इस विशेष रणनीति को सफल बनाने में रक्सौल अवर प्रमंडल के सहायक विद्युत अभियंता सुनील रंजन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही, जिन्हें अधीक्षण अभियंता और कार्यपालक अभियंता ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया। प्रबंधन की कड़ी को मजबूत करने के लिए सर्किल इंचार्ज संजय कुमार और डिवीजन कॉर्डिनेटर अभिषेक कुमार पांडेय को भी विशेष सम्मान से नवाजा गया।

​क्षेत्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले कनीय अभियंताओं में सुगौली के अनिल कुमार, रामगढ़वा के मो. ग़ालिब, रक्सौल शहर के रवि कुमार और ग्रामीण क्षेत्र के मनीष कुमार को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए शील्ड और मेडल प्रदान किए गए। वहीं, प्रमंडल स्तर पर सर्वाधिक राजस्व जुटाने वाले मीटर रीडर राहुल कुमार और लाइनमैन सुनील सिंह को ‘सर्वश्रेष्ठ कर्मी’ के रूप में सम्मानित किया गया। बकाया वसूली के कठिन कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए ऋषि कुमार और लव कुमार चौबे को भी मेडल देकर पुरस्कृत किया गया।

​समारोह में उन कर्मठ कर्मियों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने हर घर तक पहुँचकर विभागीय लक्ष्यों को पूरा किया। इनमें मीटर रीडर श्रेणी से एखलाख, भुटन कुमार, रोहित कुमार, नूरमोहम्मद, सुरेश सिंह, रितिक शुक्ला और मानवबल श्रेणी से संजीव कुमार, नीतीश कुमार, हुजैफा मंजर, मुन्ना कुमार व टुनटुन सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में रक्सौल, रामगढ़वा, सुगौली और आदापुर से आए सभी कर्मियों ने विभाग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!