
रक्सौल।(पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के अभिकर्ता संघ ‘ऑल इंडिया लियाफी’ ने अपनी सांगठनिक मजबूती और अभिकर्ताओं के कल्याण के उद्देश्य से ‘चलो शाखा की ओर’ कार्यक्रम का शंखनाद किया है। इसी क्रम में रक्सौल शाखा पहुंचे संगठन के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष (पूर्व मध्य क्षेत्र) नन्दलाल वर्णवाल और पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बिपिन कुशवाहा का स्थानीय अभिकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र प्रदान कर भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष नन्दलाल वर्णवाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नयन कुमार कमल और राष्ट्रीय महासचिव विनोद यू. थुटे के कुशल नेतृत्व में ऑल इंडिया लियाफी पूरे देश में मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने संगठन की एकता पर बल देते हुए बताया कि भविष्य की चुनौतियों से लड़ने के लिए अभिकर्ताओं का संगठित होना अनिवार्य है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय अध्यक्ष नयन कुमार कमल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित सदस्यों को ‘नो योर प्रोफेशन, नो योर फेडरेशन’ का महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने अभिकर्ताओं को कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए ‘लर्न मोर, अर्न मोर’ का मूलमंत्र देते हुए पेशेवर ज्ञान और संगठन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बिपिन कुशवाहा ने अभिकर्ताओं के हितों की रक्षा का संकल्प दोहराते हुए कहा कि संगठन देश के 12 लाख अभिकर्ताओं के मान-सम्मान और उनके अधिकारों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिकर्ताओं की आपसी एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। रक्सौल शाखा में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान शाखा अध्यक्ष रंजन मिश्रा, सचिव अवधकिशोर सिंह और कोषाध्यक्ष विजय कुमार सहित लक्ष्मण प्रसाद यादव, प्रदीप कुमार, संतोष गुप्ता, राजेश कुमार पचौरी, प्रेम चंद ठाकुर, मनीष कुमार, चन्देश्वर वर्मा, देवलाल कुमार महतो, तारकेश्वर कुमार, मदन प्रसाद और राजेश मिश्रा जैसे कई गणमान्य अभिकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने संगठन की नीतियों में पूर्ण विश्वास व्यक्त किया।
