Friday, April 24

​पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई:आदापुर रक्सौल पथ पर ट्रक से 1.5 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


​आदापुर (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। सीमावर्ती इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पूर्वी चंपारण पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम ने आदापुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक ट्रक से भारी मात्रा में चरस बरामद किया है। इस दौरान मौके से दो अंतरराज्यीय तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
​गुप्त सूचना पर घेराबंदी
​पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर: BR06G-4962) पर मादक पदार्थ लादकर छोडादानों रोड से रक्सौल की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आदापुर थाना पुलिस और SSB की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त ट्रक को रोककर उसकी सघन तलाशी ली।

​भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद
​तलाशी के दौरान ट्रक से 1.500 किलोग्राम चरस जैसा नशीला पदार्थ बरामद किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है। पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को भी जब्त कर लिया है।

​गिरफ्तार तस्करों की पहचान
​पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान ​जितेन्द्र कुमार यादव (पिता: जई राय) और
​अभिरंजन राय (पिता: अमर राय) के रूप में हुई है।
​दोनों आरोपी आदापुर थाना क्षेत्र के कनूनिया कटगेनमा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस फिलहाल इनसे पूछताछ कर रही है ताकि तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े नामों का खुलासा किया जा सके।

​छापेमारी टीम में शामिल सदस्य
​इस सफल अभियान का नेतृत्व आदापुर थानाध्यक्ष पप्पू कुमार पासवान ने किया। टीम में परिवीक्ष्य अवर निरीक्षक मुकेश कुमार, सिपाही हैप्पी शुक्ला (277), सूरज कुमार (766), आदापुर थाने का सशस्त्र बल और SSB की टीम शामिल रही।
​पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!