Thursday, April 23

बीरगंज में ‘स्केलअप नेपाल’ का पांच दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण शुरू, व्यावहारिक कौशल पर जोर

​बीरगंज।(Vor desk)।बीरगंज स्थित उद्योग वाणिज्य संघ के सभागार में ‘ स्केल अप nepal ‘ द्वारा आयोजित पांच दिवसीय गहन उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ है। 20 से 24 तारीख तक चलने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नेपाल के उभरते उद्यमियों को बाजार प्रबंधन, नवाचार (इनोवेशन) और व्यवसाय विस्तार के व्यावहारिक कौशल सिखाकर वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है। इस प्रशिक्षण में लगभग 120 उद्यमी भाग ले रहे हैं, जिन्हें अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षित किया जा रहा है।

​कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, उद्योग वाणिज्य महासंघ मधेश प्रदेश के अध्यक्ष अशोक टेमानी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि सफल उद्यमी बनने के लिए व्यावहारिक ज्ञान और अनुभव अनिवार्य है। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को नई पीढ़ी को आत्मनिर्भर बनाने और वास्तविक बाजार की चुनौतियों के लिए तैयार करने में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

​इस आयोजन में’ स्केल अप नेपाल’के संस्थापक अमित अग्रवाल, नेपाल पत्रकार महासंघ पर्सा के अध्यक्ष ओम प्रकाश खनाल और बीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के अनुप अग्रवाल सहित कई विशिष्ट व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पिंकी खेतान ने किया। उम्मीद जताई जा रही है कि इस पहल से स्थानीय उद्यमियों के सशक्तिकरण के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों और रोजगार सृजन में भी बड़ी मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!