
रामगढ़वा।(Vor desk)।
रामगढ़वा थाना के ठीक सामने गुरुवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नरकटियागंज निवासी और स्थानीय कपड़ा व्यवसायी नरेंद्र कुमार उर्फ जैनी (पिता: तुलसी पंडित) के रूप में हुई है।
दुकान बढ़ाकर घर लौट रहे थे नरेंद्र
घटना के संबंध में बताया जाता है कि नरेंद्र कुमार रामगढ़वा बाजार में कपड़े की दुकान चलाते थे। गुरुवार की रात करीब 8:30 बजे वह अपनी दुकान बंद कर बाइक से स्टेशन की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही उनकी बाइक थाना के सामने बने ऊंचे स्पीड ब्रेकर पर चढ़ी, वह अचानक अनियंत्रित हो गई।
सिर में चोट लगने से मौके पर ही दम तोड़ा
बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण संतुलन बिगड़ते ही नरेंद्र सिर के बल सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शोक की लहर
नरेंद्र कुमार एक ऊर्जावान व्यवसायी थे। उनकी मृत्यु की खबर मिलते ही स्थानीय बाजार के व्यापारियों में शोक की लहर दौड़ गई है। लोगों ने सड़क पर बने इन तीखे स्पीड ब्रेकरों पर सुरक्षा संकेतों की कमी को लेकर भी चिंता जताई है।
(रिपोर्ट:पीके गुप्ता/फाइल फोटो)
