Thursday, April 23

रक्सौल भारत विकास परिषद ने रामनवमी पर किया कन्या पूजन, पाँच निर्धन बेटियों की शिक्षा का खर्च उठाएगी शाखा

रक्सौल।(Vor desk)।चैत्र श्रीरामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को भारत विकास परिषद की रक्सौल शाखा द्वारा भव्य कन्या पूजन समारोह का आयोजन किया गया। शहर के कोईरिया टोला स्थित शिवनारायण निवास परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम पूर्णतः श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर परिषद ने सामाजिक सरोकार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए घोषणा की कि शाखा द्वारा क्षेत्र की पाँच अति निर्धन कन्याओं के पठन-पाठन का आगामी एक वर्ष का सम्पूर्ण खर्च वहन किया जाएगा।

​कार्यक्रम का सफल संचालन महिला सहभागिता प्रमुख श्रीमती मेनका गुप्ता के नेतृत्व में हुआ। समारोह के दौरान कुल 30 कन्याओं का विधिवत पूजन किया गया। पूजन प्रक्रिया के अंतर्गत कन्याओं के चरण पखारे गए, उनका श्रृंगार किया गया और मां दुर्गा की आराधना व मंत्रोच्चारण के बीच आरती संपन्न हुई। इसके पश्चात सभी कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन प्रसाद ग्रहण कराया गया तथा उन्हें पठन सामग्री, फल एवं अन्य उपयोगी वस्तुएं भेंट स्वरूप प्रदान की गईं।

​समारोह को संबोधित करते हुए शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी एवं सचिव नरेश कुमार ने कहा कि कन्याएं समाज और राष्ट्र की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा, संस्कार और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए कहा कि कन्याएं अबला नहीं, बल्कि साक्षात शक्ति स्वरूपा हैं। महिला सहभागिता प्रमुख मेनका गुप्ता ने अपने संबोधन में नारी शक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को देवी का स्थान प्राप्त है। उन्होंने समाज में व्याप्त यौन शोषण, भ्रूण हत्या और दहेज उत्पीड़न जैसी कुरीतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए आह्वान किया कि ‘बेटी बचेगी, तभी सृष्टि बचेगी’। उन्होंने बेटियों के संरक्षण और सम्मान को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।

​इस अवसर पर परिषद के संस्कार संयोजक विजय कुमार साह ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि रक्सौल शाखा द्वारा चयनित पाँच अति निर्धन कन्याओं के एक शैक्षणिक वर्ष के ट्यूशन शुल्क, पुस्तक, कॉपी, कलम एवं अन्य पठन सामग्री की व्यवस्था परिषद द्वारा की जाएगी। इस पुनीत कार्य में परिषद के सचिव नरेश कुमार, वित्त सचिव सुनील कुमार एवं अन्य पदाधिकारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

​कार्यक्रम को सफल बनाने में सीमा गुप्ता, किरण गुप्ता, श्वेता रानी, कामिनी सिंह, शकुन्तला देवी, ममता देवी, मीना देवी, बबली सिकारिया और अरुणिमा जायसवाल ने सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही संपर्क प्रमुख उमेश सिकारिया, नीतेश कुमार सिंह, मनोज कुमार, अजय कुमार, सुभाष अग्रवाल, सुनील कुमार, विजय कुमार साह, विनोद कुमार, अरविंद जायसवाल, विनोद रौनियार, दिनेश प्रसाद, संतोष कुमार एवं अरुण कुमार सहित परिषद के अनेक सदस्यों ने उपहार भेंट कर सराहनीय योगदान दिया। इस कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी परिषद के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!