Thursday, April 23

रक्सौल: उमेश यादव की पैक्स चुनाव में ‘चौथी’ ऐतिहासिक जीत, भाजपा नेता सुरेश यादव ने मनाया जश्न,पत्रकारों को सम्मानित कर दी बधाई


​रक्सौल ।(VOR desk)। सीमावर्ती शहर रक्सौल के कौड़ीहार स्थित ‘नमो सेवा सदन’ कार्यालय में एक प्रेस वार्ता और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहाँ जीत के उल्लास के साथ सामाजिक सौहार्द का अनूठा संगम देखने को मिला। रक्सौल प्रखंड के धनगढ़वा–कौड़ीहार पैक्स चुनाव में उमेश यादव ने लगातार चौथी बार अध्यक्ष पद पर अपनी जीत का परचम लहराकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस बड़ी सफलता के उपलक्ष्य में उनके भाई व भाजपा नेता सुरेश यादव ने क्षेत्र के पत्रकारों को ‘दोशाला’ ओढ़ाकर सम्मानित किया और लोकतंत्र में मीडिया की निष्पक्ष भूमिका की सराहना की।
​प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सह भाजपा नेता सुरेश यादव ने कहा कि उमेश यादव की यह ऐतिहासिक जीत किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता और किसानों के अटूट विश्वास की जीत है। उन्होंने मीडिया जगत का आभार जताते हुए कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति तक आवाज पहुँचाने वाले पत्रकारों का सम्मान करना उनके लिए गर्व की बात है, क्योंकि एक जागरूक मीडिया ही स्वस्थ समाज और मजबूत लोकतंत्र की नींव रखता है।


​नवनिर्वाचित पैक्स अध्यक्ष उमेश यादव ने अपनी इस लगातार चौथी जीत का पूरा श्रेय धनगढ़वा-कौड़ीहार की जनता के स्नेह और समर्थन को दिया। उन्होंने भावुक मन से मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए संकल्प दोहराया कि वे बिना किसी भेदभाव के निष्पक्ष होकर किसानों के हितों में कार्य करेंगे और क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। वार्ड पार्षद घनश्याम गुप्ता ने भी इस मौके पर कहा कि जनता ने विकास कार्यों पर मुहर लगाकर यह साबित कर दिया है कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।
​कार्यक्रम के अंत में आगामी चैत्र नवरात्र और ईद के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं और समाज में शांति व भाईचारे का संदेश दिया गया। इस अवसर पर रामबाबू साह, ईश्वरी शाह, वीरेंद्र सर्राफ, उनित यादव, विपिन पटेल, बृजभूषण यादव, संजय पटेल, संजय शाह, मनोज रावत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर जीत की बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!