Thursday, April 23

मिशन ‘शांतिपूर्ण मतदान’:आज आधी रात से भारत-नेपाल सीमा चार दिनों के लिए होगी सील, गृह मंत्री और सहायक चुनाव आयुक्त ने किया दौरा!


​रक्सौल/वीरगंज।(Vor desk)। नेपाल में लोकतंत्र के महापर्व ‘प्रतिनिधि सभा सदस्य निर्वाचन’ की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आगामी 5 मार्च (फागुन 21) को होने वाले मतदान को निष्पक्ष और भयमुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। सुरक्षा की गंभीरता को देखते हुए पर्सा जिला प्रशासन ने आज (2 मार्च) की आधी रात से 5 मार्च की आधी रात तक इंडो-नेपाल बॉर्डर को पूरी तरह बंद करने का आदेश जारी किया है।

गृह मंत्री और सहायक चुनाव आयुक्त ने किया सीमा क्षेत्र का दौरा

 चुनाव की तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री ओमप्रकाश अर्याल ने वीरगंज परसा,बारा,रौतहट का दौरा किया ।इस क्रम में गृह मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘निर्वाचन सुरक्षा: वर्तमान अवस्था, चुनौती और समाधान’ विषयक उच्च स्तरीय बैठक के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए स्पष्ट किया कि देश में मतदान के लिए पूरी तरह सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण तैयार कर लिया गया है।उन्होंने कहा कि ​चुनाव के दौरान कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति या समूह के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी।दोषियों और अराजक स्थिति पैदा करने वालों के खिलाफ कड़ी करवाई होगी।मंत्री के साथ कार्यवाहक प्रमुख निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी, सशस्त्र पुलिस महानिरीक्षक राजू अर्याल,मधेश प्रदेश प्रहरी प्रमुख सह डीआईजी गोविंद थपलिया,पर्सा  के प्रमुख जिलाधिकारी भोला दहाल बारा के प्रमुख जिला अधिकारी धर्मेंद्र कुमार मिश्र सहित सेना के गणपती,एसपी सहित चुनाव और प्रशासन से जुड़े अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

​मैत्री पुल पर ‘कमांडो’ पहरा, अधिकारी जमीन पर


​चुनावी सुरक्षा का जायजा लेने के लिए पर्सा के जिलाधिकारी (CDO) भोला दहाल ने पुलिस और प्रशासन की टीम के साथ रक्सौल-वीरगंज मुख्य सीमा (मैत्री पुल) का गहन निरीक्षण किया।जिलाधिकारी ने सीमावर्ती ग्रामीण इलाकों और मुख्य नाकों पर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
​बॉर्डर बंद होने के दौरान केवल वैध पहचान पत्र वाले नेपाली नागरिकों को ही मतदान के लिए प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
​आज सोमवार से ही चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा और ‘मौन अवधि’ (साइलेंस पीरियड) शुरू हो जाएगी।

​बारा में सेना की धमक: बख्तरबंद गाड़ियों का फ्लैग मार्च

सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त बनाने के लिए मधेश प्रदेश के बारा जिले में नेपाली सेना ने कमान संभाल ली है।सेना की टुकड़ियों ने बख्तरबंद गाड़ियों के साथ मुख्य बाजारों और राजमार्गों पर गश्त शुरू कर दी है।
​बारा के जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी।
​सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल द्वारा संयुक्त रूप से सुरक्षा का त्रि-स्तरीय घेरा बनाया गया है।
​भारतीय वाहनों पर ‘ब्रेक’, आचार संहिता पर पैनी नजर
​निर्वाचन आचार संहिता 2082 के तहत प्रशासन ने भारतीय (विदेशी) नंबर प्लेट वाले वाहनों के चुनावी उपयोग पर सख्त प्रतिबंध लगा दिया है।
​जिलाधिकारी भोला दहाल ने चेतावनी दी है कि उल्लंघन करने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई होगी।
​रात 6 बजे से 12 बजे तक विशेष सुरक्षा दस्ता सक्रिय रहेगा, जो अवैध भोज और प्रचार गतिविधियों पर नजर रखेगा।

​देशभर में 3 दिनों की छुट्टी, त्योहारों पर भी पाबंदी

​गृह मंत्रालय ने मतदान में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए 4 से 6 मार्च तक देशभर में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। इसके साथ ही, चुनाव के दौरान पड़ने वाली होली और रमजान को लेकर भी सख्त गाइडलाइंस जारी की गई हैं। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने या जबरन रंग डालने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!