Saturday, March 7

नेपाल में भीषण सड़क हादसा: मकवानपुर में खाई में गिरी टाटा सूमो, पटना और बेगूसराय के दो नागरिकों समेत 6 की मौत

वीरगंज(vor desk)। काठमांडू से हथौड़ा की ओर आ रही एक टाटा सूमो रविवार को मकवानपुर जिले के भीमफेदी में भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हृदयविदारक हादसे में कुल 6 लोगों की जान चली गई है, जिनमें दो भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू सड़क खंड पर जूरीखेत के पास ना 1 ज 1778 नंबर की सूमो अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी।

​हादसे के वक्त सूमो में चालक समेत 9 यात्री सवार थे। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर घायलों को हेटौंडा अस्पताल पहुँचाया, लेकिन वहां इलाज के दौरान 6 यात्रियों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में बिहार की राजधानी पटना के रहने वाले 42 वर्षीय रजनीश कुमार और बेगूसराय जिले के 50 वर्षीय अरबिंद कुमार की पहचान हुई है। इनके अलावा मृतकों में हेटौंडा निवासी 40 वर्षीया सबिता लम्साल और 29 वर्षीय निखिल अग्रवाल शामिल हैं, जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

​दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भरतपुर (चितवन) रेफर किया गया है। घायलों में सूमो चालक हेटौंडा निवासी 45 वर्षीय गणेश थापा और मृतिका सबिता लम्साल का 12 वर्षीय पुत्र अभ्यास लम्साल शामिल हैं, जिनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। वहीं, रौतहट के चंद्रपुर निवासी 21 वर्षीया रिचा चौधरी का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!