Saturday, March 7

रक्सौल में अब तक पांच स्वास्थ्य संस्थान सील,न्यू आबदा से शिफ्ट किए गए सात मरीजों को अनुमंडल अस्पताल से किया गया डिस्चार्ज!

रक्सौल।(Vor desk)।रक्सौल में फर्जी डॉक्टरों और अवैध क्लिनिक के खिलाफ प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम की करवाई में अब तक कुल पांच अवैध स्वास्थ्य संस्थानों को सील कर दिया है, जिनमें शांति सेवा सदन, सनराइज हेल्थ केयर एंड चैरिटेबल अस्पताल, न्यू आबदा नर्सिंग होम, स्काई हॉस्पिटल और एसएलएम हॉस्पिटल शामिल हैं।

न्यू आबदा नर्सिंग होम पर कार्रवाई के दौरान वहां भर्ती सात मरीजों को अनुमंडल अस्पताल में शिफ्ट किया गया था, जिन्हें सोमवार को छुट्टी दे दी गई। इन मरीजों में तीन बच्चेदानी, दो अपेंडिक्स, एक हर्निया और एक पित्त की थैली के मरीज शामिल थे।मेडिकल ऑफिसर डा विजय कुमार और विशाल कुमार उत्तम के देख रेख में इनका जांच- इलाज हुआ।

अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. स्वाति सपन ने बताया कि मरीजों की स्थिति सामान्य थी और ड्रेसिंग के बाद सभी मरीजों का स्वास्थ्य ठीक पाया गया।जरूरी दवा दे कर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।

इधर,छापेमारी और जांच में मुख्य भूमिका में रहे रक्सौल पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा राजीव रंजन कुमार ने बताया कि जल्द ही जांच रिपोर्ट सौंपी दी जाएगी।उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अग्रतर करवाई की जाएगी।

इस बीच रक्सौल अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि बिना लाइसेंस और मानकों के अस्पताल संचालित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध नर्सिंग होम और फर्जी क्लिनिक के खिलाफ यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!