Sunday, November 29

नेपाल भेजी जाने वाली नशीले कैप्सूल की बड़ी खेप पकड़ी, 69,720 ट्रामोल-50 बरामद

कौड़िहार चौक बस स्टैंड के पास ई-रिक्शा पर लदे दो कार्टून से मिली खेप, चालक गिरफ्तार; तस्करी नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

रक्सौल।(Vor desk)। भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रक्सौल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 69,720 ट्रामोल-50 कैप्सूल की खेप बरामद की है। शुक्रवार शाम कौड़िहार चौक बस स्टैंड के समीप की गई छापेमारी में पुलिस ने एक ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया। बरामद कैप्सूल दो कार्टून में रखे हुए थे। पुलिस के अनुसार, इन कैप्सूल को नेपाल भेजने की तैयारी थी। मौके से तस्करी में प्रयुक्त ई-रिक्शा और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

एसडीपीओ मनीष आनंद की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शुक्रवार शाम गश्ती के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मोतिहारी से बस के जरिए नशीले कैप्सूल की बड़ी खेप रक्सौल पहुंचाई गई है। इसे कौड़िहार बस स्टैंड के समीप ई-रिक्शा पर लादकर नेपाल भेजने की योजना है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने चिह्नित स्थान पर पहुंचकर ई-रिक्शा की तलाशी ली तो उस पर रखे दो कार्टून से कुल 69,720 ट्रामोल-50 कैप्सूल बरामद हुए।

तस्करी की कड़ी जोड़ने में जुटी पुलिस

मौके से गिरफ्तार ई-रिक्शा चालक की पहचान रतनपुर वार्ड नंबर-13 निवासी भूषण साह के पुत्र जितेंद्र साह (31) के रूप में हुई है। पुलिस ने ई-रिक्शा संख्या BR 05 RA 3468 और एक एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया है। एसडीपीओ मनीष आनंद ने रक्सौल थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि इस मामले में शामिल अन्य तस्करों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस बरामदगी के पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क, खेप की आपूर्ति और नेपाल भेजने की पूरी कड़ी की पड़ताल कर रही है।

इस कार्रवाई में एसडीपीओ मनीष आनंद, कार्यपालक दंडाधिकारी रवि कुमारी, थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो, पर्यवेक्षी पदाधिकारी निर्भय कुमार राय, औषधि निरीक्षक राकेश सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार पासवान सहित रक्सौल थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!