
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 22 नवंबर को 34 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचेंगे नई दिल्ली; 52 निजी क्षेत्र के प्रतिनिधि भी होंगे शामिल, ऊर्जा, हवाई रूट, रेल कनेक्टिविटी, व्यापार और निवेश पर होगी चर्चा
रक्सौल, (Vor Desk)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह (बालेन) 22-23 नवंबर को भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर होने वाली यह यात्रा मार्च 2026 में पदभार ग्रहण करने के बाद उनकी पहली विदेश यात्रा और पहली भारत यात्रा होगी। इस दौरे को भारत-नेपाल संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, परिवहन, कनेक्टिविटी और निवेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को नई गति देने की उम्मीद है।
नेपाल के विदेश मंत्रालय और भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री शाह 22 नवंबर को नेपाल वायुसेवा निगम की नियमित उड़ान से 34 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल के साथ काठमांडू से नई दिल्ली रवाना होंगे। दोपहर 1:45 बजे प्रस्थान के बाद 3:15 बजे उनके दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम है। प्रतिनिधिमंडल में नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल और प्रधानमंत्री के प्रमुख सलाहकार कुमार व्यञ्जनकार सहित वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहेंगे। इसके अतिरिक्त भारत स्थित नेपाली दूतावास के अधिकारी भी प्रतिनिधिमंडल में जुड़ेंगे। निजी क्षेत्र के 52 प्रतिनिधि भी अपने खर्च पर इस यात्रा में शामिल होंगे।
पहले दिन जयशंकर से मुलाकात
नई दिल्ली पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री शाह शाम 6 बजे होटल ताजमहल में भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे।
23 नवंबर को मोदी के साथ होगी द्विपक्षीय वार्ता
यात्रा के दूसरे दिन 23 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री शाह का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद वह राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इसके बाद हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता होगी। दोनों नेता भारत-नेपाल संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे और आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। दोपहर 12:25 बजे दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण सहमति एवं समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान और संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री मोदी नेपाल के प्रधानमंत्री के सम्मान में औपचारिक दिवाभोज भी आयोजित करेंगे।
दोपहर 3:15 बजे प्रधानमंत्री शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। इसके बाद शाम 4:50 बजे नई दिल्ली से स्वदेश रवाना होकर शाम 6:35 बजे काठमांडू पहुंचने का कार्यक्रम है।
ऊर्जा, रेल और हवाई संपर्क पर रहेंगी निगाहें
विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और नेपाल के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत जुड़ाव तथा दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत रिश्तों पर आधारित हैं। व्यापार-वाणिज्य, विकास साझेदारी, ऊर्जा, जल संसाधन और भौतिक एवं डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में सहयोग लगातार आगे बढ़ा है। अब स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार और खेल जैसे नए क्षेत्रों में भी साझेदारी का विस्तार हो रहा है।
इस यात्रा में ऊर्जा व्यापार, हवाई मार्गों की सुविधा, रेल कनेक्टिविटी के विस्तार और नेपाल में भारतीय निवेश जैसे मुद्दों पर विशेष नजर रहेगी। भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति के तहत इस दौरे को दोनों देशों की साझेदारी मजबूत करने के अवसर के रूप में देखा जा रहा है।
खासकर रक्सौल-बीरगंज सहित सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों और व्यवसायियों की निगाहें इस यात्रा के नतीजों पर टिकी हैं। जनकपुर-अयोध्या रेल संपर्क, सीमा पार आवागमन, व्यापारिक सहूलियत और ऊर्जा एवं परिवहन सहयोग से जुड़े विषयों पर संभावित पहल से सीमावर्ती अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
क्या कहा भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि बालेंद्र शाह 22 और 23 नवंबर को नई दिल्ली में रहेंगे। इस यात्रा को राजकीय दर्जा दिया गया है, जिसके तहत उन्हें भारत में औपचारिक राजकीय सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
