
छठ की तैयारियों के बीच डीएम-एसपी ने घाटों के साथ भारत-नेपाल मैत्री पुल का भी किया निरीक्षण, सीमा पर आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था परखी; रक्सौल में 49 स्थानों पर मजिस्ट्रेट-पुलिस बल तैनात
रक्सौल।(Vor desk)। छठ महापर्व पर श्रद्धा और आस्था के साथ सुरक्षा एवं स्वच्छता का माहौल सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सीमा क्षेत्र में तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने रक्सौल पहुंचकर सरिसवा नदी के किनारे स्थित प्रमुख छठ घाटों से लेकर भारत-नेपाल सीमा तक सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नदी प्रदूषण और अर्घ्य के लिए स्वच्छ पानी की उपलब्धता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।
डीएम और एसपी ने भकुआ ब्रह्मस्थान तथा कस्टम चौक स्थित छठ घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद दोनों अधिकारी रक्सौल-वीरगंज मैत्री पुल पहुंचे। यहां उन्होंने सीमा पर भारत-नेपाल के बीच हो रही आवाजाही, कस्टम चेक पोस्ट और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

सरिसवा नदी के लिए कूटनीतिक पहल
निरीक्षण के दौरान सरिसवा नदी के प्रदूषण का सवाल अहम रहा। डीएम ने बताया कि छठ पर्व के मद्देनजर नदी में स्वच्छ पानी के प्रवाह और प्रदूषण नियंत्रण के लिए भारतीय दूतावास को पत्र लिखा गया है। नेपाली प्रशासन से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है। नदी की स्थिति में सुधार के लिए आगे भी समन्वय के साथ पहल की जाएगी। उल्लेखनीय है कि भारत और नेपाल के सीमावर्ती शहरों रक्सौल और वीरगंज के बीच बहने वाली सरिसवा नदी का प्रदूषण लंबे समय से गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है।
49 स्थानों पर मजिस्ट्रेट-पुलिस बल की तैनाती
छठ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रक्सौल अनुमंडल क्षेत्र में 49 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला स्तर पर 24 घंटे संचालित नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जबकि अनुमंडल स्तर पर 3 अतिरिक्त नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी प्रमुख घाटों पर एक-एक एंबुलेंस, आवश्यक दवाओं के साथ मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
घाटों पर गोताखोर और मेडिकल टीम रहेंगे तैनात
डीएम और एसपी ने सभी चिह्नित छठ घाटों पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही घाटों पर साफ-सफाई, स्वच्छता, रोशनी और अन्य जरूरी सुविधाएं समय से पूरी करने का निर्देश दिया। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ नागमणि कुमार वर्मा, एसडीपीओ मनीष आनंद, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार, अंचलाधिकारी अरविंद कुमार, थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
