Friday, November 6

रक्सौल के कौड़िहार चौक पर छठ घाट की सौगात, व्रतियों को अब नहीं होगी परेशानी

वार्ड 19 में निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार, छठ पूजा से पहले घाट तैयार करने का लक्ष्य; पार्षद की पहल को मिला स्थानीय लोगों का सहयोग

रक्सौल।(Vor desk)। छठ महापर्व पर अर्घ्य देने के लिए कौड़िहार चौक के लोगों को अब दूसरे घाटों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। नगर परिषद के वार्ड संख्या 19 में स्थानीय जरूरत को देखते हुए नए छठ घाट का निर्माण शुरू कराया गया है। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद घाट की ढलाई का काम शुरू हुआ है। निर्माण कार्य को छठ पूजा से पहले पूरा कराने की तैयारी है।

वार्ड पार्षद सोनू कुमार गुप्ता की पहल पर शुरू हुई इस योजना से खासकर व्रती महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद है। पार्षद ने बताया कि कौड़िहार चौक के वार्ड 19 वाले हिस्से में छठ घाट नहीं होने से हर साल व्रतियों को परेशानी उठानी पड़ती थी। स्थानीय लोगों की इस जरूरत को देखते हुए निर्माण की पहल की गई।

गौरतलब है कि नगर परिषद की पिछली सामान्य बोर्ड की बैठक में भी कौड़िहार चौक पर छठ घाट निर्माण को मंजूरी दी गई थी। पार्षद ने बताया कि निर्धारित समय में निर्माण पूरा कराने के लिए सामाजिक स्तर पर भी सहयोग मिल रहा है। वार्ड के नागरिक खुद कार्य की निगरानी कर रहे हैं, ताकि निर्माण समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा हो सके।

मौके पर जिला पार्षद प्रतिनिधि मंजू साह, अजय साह, हीरालाल साह, मनोज साह और तेज बहादुर यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!