Friday, November 6

पर्यटन स्थलों के पास बनेंगे आधुनिक जीविका मार्ट और ग्रामीण हाट, किसानों को मिलेगा बाजार

बिचौलियों से मुक्ति दिलाकर जीविका दीदियों और किसानों के उत्पादों को मिलेगी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान; बिहार में 22 हजार करोड़ की ग्रामीण विकास योजनाओं पर जोर

मंत्री श्रवण कुमार ने रक्सौल, रामगढ़वा और सुगौली प्रखंड अंतर्गत वीबी- जीरामजी योजना अंतर्गत 75.68 लाख की लागत के कुल 09 योजनाओं का किया शिलान्यास एवं उद्घाटन

रक्सौल।(Vor desk)। बिहार के पर्यटन स्थलों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्वरोजगार से जोड़ने की तैयारी है। राज्य के प्रमुख पर्यटन केंद्रों के समीप अत्याधुनिक जीविका मार्ट और ग्रामीण हाट विकसित किए जाएंगे। यहां जीविका दीदियों के हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और किसानों की उपज की बिक्री की व्यवस्था होगी। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण उत्पादों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने के साथ बिचौलियों की भूमिका कम करना और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है। ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री सह पूर्वी चंपारण के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने शुक्रवार को रक्सौल में इसकी जानकारी दी।

मंत्री ने बताया कि पर्यटन स्थलों के विकास के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित किए जाएंगे। चंपारण में वाल्मीकिनगर इको टूरिज्म, भीतहा आश्रम और केसरिया बौद्ध स्तूप जैसे पर्यटन केंद्रों को विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इनके आसपास जीविका मार्ट और हाट विकसित होने से पर्यटकों को स्थानीय उत्पाद उपलब्ध होंगे और ग्रामीण उत्पादकों को बिक्री का बेहतर मंच मिलेगा। प्रखंड और पंचायत स्तर पर भी जमीन उपलब्ध होने पर ग्रामीण हाट विकसित किए जाएंगे।

बिहार में 22 हजार करोड़ की ग्रामीण विकास योजनाओं पर जोर

मंत्री ने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना के तहत बिहार में करीब 22 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं पर काम करने का निर्देश दिया गया है। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, अस्पतालों, चहारदीवारी, अतिरिक्त कक्ष और खेल मैदानों जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य की सभी 8053 पंचायतों में खेल मैदान विकसित करने की योजना है। अब तक पांच हजार से अधिक खेल मैदानों की स्वीकृति दी जा चुकी है। हालांकि, कई जगह भूमि विवाद के कारण निर्माण कार्य प्रभावित है।

मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कई स्थानों पर आंगनबाड़ी भवन के अभाव में छोटे बच्चों को पेड़ के नीचे पढ़ना पड़ता है। कहीं विद्यालयों की चहारदीवारी नहीं है तो कहीं अस्पतालों में खिड़की-दरवाजे और सुरक्षा संबंधी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इन कमियों को दूर करने के लिए निर्माण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

तीन प्रखंडों में 75.68 लाख की नौ योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास

जिला परिभ्रमण पर पहुंचे मंत्री ने रक्सौल, रामगढ़वा और सुगौली प्रखंड में वीबी-जी राम जी योजना के तहत कुल 75.68 लाख रुपये की नौ योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। रक्सौल प्रखंड की लक्ष्मीपुर लछुमनवा पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, लक्ष्मीपुर में 8,95,259 रुपये की लागत से चहारदीवारी निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया।

वहीं नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, डीह टोला में 14,96,998 रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष और 2,15,863 रुपये की लागत से शौचालय निर्माण सहित तीन योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इसके अलावा रक्सौल की लक्ष्मीपुर लछुमनवा पंचायत की तीन, रामगढ़वा पंचायत की दो और सुगौली प्रखंड की फुलवरिया पंचायत की तीन योजनाओं का शिलान्यास किया गया।

पशुपालकों को अनुदान पर मिलेंगी तीन-तीन बकरियां

मंत्री ने समेकित बकरी एवं भेड़ विकास योजना के तहत चयनित ग्रामीण पशुपालकों और लाभार्थियों को अनुदान पर तीन-तीन बकरियां उपलब्ध कराने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार पशुपालन को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ पशुपालकों के उत्पादों के लिए बाजार भी विकसित करेगी। इससे ग्रामीण परिवारों की आमदनी बढ़ाने और बकरी के दूध की प्रामाणिकता एवं ब्रांडिंग को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक

मंत्री श्रवण कुमार गुरुवार की रात भारत-नेपाल सीमा से सटे रक्सौल पहुंचे थे। शुक्रवार सुबह उन्होंने सिंचाई विभाग के अतिथि गृह में एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसके बाद विकास योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल और सुगौली विधायक राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता ने भी ग्रामीण विकास योजनाओं पर अपनी बात रखी। सांसद ने अमृत सरोवरों, विद्यालयों की चहारदीवारी और अस्पतालों की बुनियादी सुविधाओं के विकास का उल्लेख किया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, डीआरडीए निदेशक डॉ. कुंदन कुमार एवं जयराम चौरसिया,एसडीओ नागमणि कुमार वर्मा,डीएसपी मनीष आनन्द, जदयू जिलाध्यक्ष भरत पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष सन्नी पटेल, भाजपा संगठन जिला रक्सौल के जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय, राकेश कुशवाहा, मो. एहतेशाम, किशोरी पटेल, पूर्व पार्षद सह जद यू नेता सुरेश शाह, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. दिनेश चंद्र प्रसाद,सुबोध कुशवाहा, दीपक पटेल सहित,नागेन्द्र पटेल, अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!