Thursday, November 5

मधुबनी पेंटिंग और तिरंगा पर खर्च की चर्चा से यू-टर्न, शांति से निपटी नगर परिषद की बोर्ड बैठक

पटना में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद बदला एजेंडा, विवादित मुद्दे बाहर; दीपावली-छठ की तैयारियों और विकास योजनाओं पर लगी मुहर

रक्सौल, एक संवाददाता। पटना में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक के बाद रक्सौल नगर परिषद की सामान्य बोर्ड बैठक का बदला हुआ मिजाज बुधवार को देखने को मिला। पहले एजेंडे में शामिल रक्सौल कस्टम के पास स्थापित तिरंगा झंडे और शहर में कराई गई मधुबनी पेंटिंग पर खर्च की समीक्षा के मुद्दे संशोधित एजेंडे से बाहर हो गए। बुधवार को हुई बोर्ड की बैठक में भी इन दोनों विषयों पर कोई चर्चा नहीं हुई। खास बात यह रही कि पूर्व की बैठकों में विवाद और हंगामे को लेकर चर्चा में रहने वाला नगर परिषद बोर्ड इस बार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया।

कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी की अध्यक्षता और कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार के संचालन में हुई बैठक में दीपावली और छठ पूजा की तैयारियों सहित शहर की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर सहमति बनी। बोर्ड ने सभी 25 वार्डों में 30-30 एलईडी/सीएफएल बल्ब उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को प्रशासनिक स्वीकृति दी। वहीं, सभी छठ घाटों पर विशेष सफाई, पहुंच पथ की मरम्मत, मिट्टी भराई, राबिश और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। पार्षदों ने घाटों के प्रमुख रास्तों पर हेलोजन लाइट लगाने की मांग भी उठाई।खास बात यह रही कि कार्यपालक पदाधिकारी बोर्ड बैठक में करीब आधे घंटे देरी से पहुंचे।

दो नए छठ घाट और शौचालय को मंजूरी

बोर्ड ने वार्ड नंबर-19 के कौड़िहार चौक और वार्ड नंबर-6 में कस्टम के समीप नए छठ घाटों के निर्माण को मंजूरी दी। वार्ड नंबर-12 में शौचालय निर्माण का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया। वहीं, शहर के प्रमुख बाजारों और व्यापारिक क्षेत्रों में दो पालियों में सफाई कराने पर सहमति बनी, ताकि पर्व के दौरान स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रहे।

नल-जल एजेंसी के भुगतान पर रोक

बैठक में नल-जल योजना के रखरखाव का काम कर रही अधिकृत एजेंसी के कार्यों की समीक्षा भी हुई। पार्षद रवि कुमार गुप्ता ने सभी 25 वार्डों में नल-जल योजना की नियमित मरम्मत सुनिश्चित करने और इसके लिए तकनीशियनों की नियुक्ति की मांग की।

कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने कहा कि बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णयों को प्राथमिकता के आधार पर लागू कराया जाएगा। छठ घाटों की सफाई, रोशनी और रास्तों की व्यवस्था समय से पूरी करने का निर्देश दिया जाएगा।

बैठक में वार्ड पार्षद ओम कुमार साह, सोनू कुमार गुप्ता, दीपक कुमार, मुकेश कुमार, कुंदन सिंह, रवि कुमार गुप्ता, घनश्याम प्रसाद, मो. अब्बास, अनुरागनी देवी, अंतिमा देवी, आशा देवी, सीमा गुप्ता, सुगंधी देवी, शायरा खातून, डिम्पल चौरसिया, पन्ना देवी और नीलाक्षी श्रीवास्तव सहित नगर प्रबंधक अविनाश कुमार, सहायक स्वच्छता पदाधिकारी कन्हैया कुमार यादव, प्रभारी टैक्स दरोगा पंकज कुमार सिंह, सफाई निरीक्षक रामनरेश प्रसाद कुशवाहा, सहायक बैजू प्रसाद जायसवाल, कनीय अभियंता राज कुमार राय, रोहित कुमार, विवेक कुमार, सोनू कुमार मंडल सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!