Thursday, October 29

छठ घाटों पर मिट्टी भराई से ब्लीचिंग छिड़काव तक, सफाई का खाका तैयार

दीपावली पर बाजार से गली-मोहल्लों तक चलेगा अभियान, 25 वार्डों में 750 सीएफएल बल्ब लगाने की योजना; डंपिंग यार्ड की चहारदीवारी भी होगी दुरुस्त

रक्सौल। (Vor desk)। दीपावली और छठ महापर्व को लेकर रक्सौल नगर परिषद ने शहर की साफ-सफाई, घाटों के सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था की तैयारी तेज करने का निर्णय लिया है। मुख्य पथ स्थित जनसुविधा भवन में कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक हुई। इसमें छठ पूजा से पहले सभी घाटों की सफाई पूरी करने के साथ मिट्टी भराई, राबिस डालने और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव का प्रस्ताव पारित किया गया। घाटों की सजावट और रोशनी की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।

बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने किया। सदस्यों ने दीपावली के मद्देनजर व्यावसायिक क्षेत्रों के साथ शहर के गली-मोहल्लों में विशेष सफाई अभियान चलाने पर सहमति जताई। छठ घाटों पर सफाई और सौंदर्यीकरण का काम अविलंब शुरू करने पर जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान परेशानी नहीं हो।

25 वार्डों में 750 सीएफएल बल्ब लगाने की योजना

पर्व के दौरान रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नगर परिषद के सभी 25 वार्डों में कैप के साथ 30-30 सीएफएल बल्ब लगाने पर चर्चा हुई। इस योजना के तहत कुल 750 बल्ब लगाए जाने का प्रस्ताव है। हालांकि, शहर के मुख्य पथ पर प्रकाश व्यवस्था को लेकर तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए बैठक में कोई निर्णय नहीं लिया जा सका।

डंपिंग यार्ड की चहारदीवारी होगी दुरुस्त

बैठक में नोनियाडीह स्थित कचरा डंपिंग यार्ड की चहारदीवारी की मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया। इसके बेहतर संचालन के लिए अतिरिक्त संसाधन और मानव बल उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसके अलावा, सरकार की कायाकल्प योजना के तहत नगर परिषद क्षेत्र के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के चयन पर चर्चा हुई।

बोर्ड बैठक में पेश होगी आय-व्यय की रिपोर्ट

नगर परिषद के कोष, खर्च और विभागीय कार्यों से संबंधित विवरण पर भी चर्चा की गई। बैठक में विभागीय कार्यों और व्यय की संपूर्ण रिपोर्ट आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्तुत करने के मुद्दे पर विचार-विमर्श हुआ।

कर्मियों की वेतन वृद्धि पर सहमति के बीच मतभेद

बैठक में नगर परिषद के दो कर्मियों कंप्यूटर ऑपरेटर अजीत कुमार श्रीवास्तव और सहायक अभियंता राज कुमार राय की वेतन वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया। समिति के सदस्य रंजीत कुमार श्रीवास्तव और जितेंद्र दत्ता ने विभागीय प्रस्ताव को ध्यान में रखते हुए तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करने के बाद ही वेतन वृद्धि करने की शर्त पर समर्थन दिया। वहीं, सदस्य वीरेंद्र प्रसाद ने इस प्रस्ताव पर असहमति जताई। बैठक में उपसभापति की आपत्ति को खारिज किए जाने की भी जानकारी सामने आई।

बैठक में साफ-सफाई के अलावा नगर परिषद क्षेत्र में संचालित अन्य विकासात्मक कार्यों पर भी चर्चा हुई। मौके पर सहायक बैजू प्रसाद जायसवाल सहित अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!