
रक्सौल।(Vor desk)। नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव शुक्रवार को रक्सौल स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) पहुंचे। नेपाल से सड़क मार्ग से भारत पहुंचे राजदूत का आईसीपी परिसर में अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद मुख्य भवन में आयोजित बैठक में उन्होंने सीमा पर व्यापार और आवागमन को और सुगम बनाने को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की।
बैठक में रक्सौल सीमा शुल्क के सहायक आयुक्त प्रदीप कुमार समेत सीमा शुल्क के अधीक्षक व निरीक्षक, भारतीय भू-सीमा प्राधिकरण, सशस्त्र सीमा बल, पादप संगरोध, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण, नेपाल आईसीपी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे।

राजदूत ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच संबंध सदियों पुराने और मैत्रीपूर्ण हैं। दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियों को आसान और पारदर्शी बनाने से न केवल आर्थिक संबंध मजबूत होंगे, बल्कि आपसी रिश्तों को भी नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने सीमा पर तैनात सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया। कहा कि व्यापारियों और मालवाहक वाहनों को सीमा पार करने में अनावश्यक परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करना चाहिए। व्यापार और आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने की जरूरत है।

बैठक में सीमा शुल्क प्रक्रिया, आयात-निर्यात, मालवाहक वाहनों की आवाजाही और आईसीपी में उपलब्ध सुविधाओं समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने राजदूत को रक्सौल आईसीपी से संचालित व्यापारिक गतिविधियों और सीमा प्रबंधन की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
राजदूत का दौरा भारत-नेपाल के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रक्सौल-बीरगंज सीमा दोनों देशों के बीच व्यापार का प्रमुख गलियारा है और यहां से बड़ी मात्रा में आयात-निर्यात होता है।
