
रक्सौल (vor desk)। नेपाल की सीमावर्ती बीरगंज महानगरपालिका क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने दो अलग-अलग अभियानों में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर, नकदी, एक कार और एक मोटरसाइकिल ज़ब्त की है।

पहली कार्रवाई सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) नेपाल इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम ने की। गुप्त सूचना के आधार पर बीरगंज-16 स्थित लिंक रोड के होटल अमन पैलेस में छापेमारी कर कमरा नंबर 205 में ठहरे पूर्वी चंपारण (बिहार) के रक्सौल-13 निवासी 35 वर्षीय विशाल कुमार कुशवाहा को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 132 ग्राम 32 मिलीग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसके रक्सौल बॉर्डर के रास्ते लाए जाने की आशंका है। इसके अलावा पुलिस ने उसके पास से एक मोटरसाइकिल (BR 05 BS 0419), एक मोबाइल, 32,100 रुपये नेपाली और 4,200 रुपये भारतीय मुद्रा भी जब्त की है।

दूसरी कार्रवाई में जिला पुलिस कार्यालय पर्सा की विशेष टीम ने बीरगंज-21 स्थित परवानीपुर चौक के पास जांच अभियान चलाया। जीतपुर की ओर से आ रही एक भारतीय नंबर प्लेट की कार (DL 12 CL 1984) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें चालक की सीट के ऊपर छिपाकर रखी गई 7 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कार चालक दिनेश प्रसाद (31 वर्ष), निवासी पुरैनिया लोहडिया (पूर्वी चंपारण), को गिरफ्तार कर लिया।
पर्सा के एसपी पवन भट्टराई के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की गहन जांच कर रही हैं कि नशीले पदार्थों की यह खेप कहां से लाई गई थी और सीमा पार नेटवर्क में कौन-कौन से तस्कर शामिल हैं।
