
288 आवेदन मिले, 121 मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण; शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश
रामगढ़वा (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। पंचायत स्तर पर आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सहयोग शिविर’ के तहत मंगलवार को रामगढ़वा प्रखंड की रामगढ़वा पंचायत में आयोजित शिविर का जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने शिविर में पहुंचकर आम लोगों से सीधे संवाद किया, उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया।उनके साथ एसडीओ नागमणि कुमार वर्मा,डीएसपी मनीष आनंद सहित अन्य वरीय अधिकारी भी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने शिविर की व्यवस्थाओं, शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया तथा आम लोगों से मिलकर शिविर के संचालन पर फीडबैक भी लिया। उन्होंने यह भी जाना कि शिविर में आने वाले लोग प्रशासन की कार्यशैली और समस्या समाधान से कितने संतुष्ट हैं।
जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने कहा कि ‘सहयोग शिविर’ पंचायत स्तर पर सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन के समक्ष रख रहे हैं और उनका समाधान कराया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराएं और समाधान की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी आवेदन का संबंधित अधिकारी द्वारा 10 दिनों के भीतर समाधान नहीं किया जाता है, तो संबंधित अधिकारी से स्वतः स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने भी लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि रामगढ़वा प्रखंड में आयोजित सहयोग शिविर में कुल 288 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 121 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, सहयोग शिविर के पांचवें चरण के तहत मंगलवार को पूर्वी चंपारण जिले की 71 पंचायतों में एक साथ शिविर आयोजित किए गए, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।
