Wednesday, June 3

रक्सौल में प्रखंड स्तरीय मधुमक्खी समिति का गठन, रेखा देवी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

रक्सौल (vor desk)। रक्सौल प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित चुनावी प्रक्रिया के तहत प्रखंड स्तरीय मधुमक्खी समिति का गठन कर लिया गया। निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) जय प्रकाश कुमार की देखरेख में संपन्न चुनाव में रेखा देवी को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया।

बिना मुकाबले मिली जिम्मेदारी

अध्यक्ष पद के लिए रेखा देवी के अलावा किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इसके चलते उन्हें सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

कार्यकारिणी समिति में चुने गए ये सदस्य

नवगठित समिति की प्रबंधकारिणी में संगीता देवी, पन्नालाल महतो, महंथ पटेल, राजेश रावत, कलावती देवी, प्रतीक्षा देवी, भुवनेश्वर पासवान, अमन गुप्ता, पचीया देवी और नसीरूद्दीन खां को सदस्य के रूप में चुना गया है।

सहकारिता क्षेत्र में अनुभव का मिलेगा लाभ

नवनिर्वाचित अध्यक्ष रेखा देवी सहकारिता गतिविधियों से लंबे समय से जुड़ी रही हैं। उन्होंने पूर्व में करीब पांच वर्षों तक संगठनकर्ता के रूप में कार्य किया है। वे रक्सौल व्यापार मंडल के वर्तमान अध्यक्ष एवं बिस्कोमान प्रतिनिधि संजय कुमार पटेल की पत्नी हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि उनके अनुभव का लाभ समिति को मिलेगा और मधुमक्खी पालन से जुड़े किसानों एवं सदस्यों को बेहतर मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

बधाइयों का सिलसिला जारी

रेखा देवी के अध्यक्ष चुने जाने पर प्रखंड प्रमुख श्याम पटेल, पैक्स अध्यक्ष हीरालाल महतो, अरुण सिंह, राजू सिंह, इंद्रासन पटेल, जितेंद्र शर्मा, धीरज पटेल, डॉ. अनुपम तथा प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी विकास ठाकुर समेत कई सामाजिक एवं सहकारी क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

मधुमक्खी समिति केंद्र एवं बिहार सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं से जुड़ी संस्था है। सरकार के निर्देशानुसार पिछले कुछ वर्षों से प्रखंड स्तर पर नियमित रूप से समिति के चुनाव कराए जा रहे हैं, ताकि मधुमक्खी पालन से संबंधित योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से लाभार्थियों तक पहुंच सके। रेखा देवी के नेतृत्व में समिति से मधुमक्खी पालकों के हित में नई पहल और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!